'
मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के बारे में सही कहा था कि वह षडयंत्र रचने में माहिर हैं और उनमें नेतृत्व की क्षमता नहीं है।
यही कारण है कि विधानसभा में भी गलत आंकड़े पेश करते हैं और बाद में माफी मांगते हैं। वह भ्रष्टाचार में आकंठ तक डूबे हैं। भाजपा सरकार आते ही भ्रष्टाचार की जांच होगी तो बड़े-बड़े लोग जेल जाएंगे। वह रविवार को मंडी में मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पहले सत्ता में आते ही कांग्रेस सरकार ने भाजपा की ओर संचालित योजनाओं को बंद किया। अब जब सरकार को दिख रहा कि हिमकेयर योजना लोगों के दिलों के करीब हैं तो इसको बंद करने के लिए झूठे आंकड़े पेश कर जांच की बात कह रही है।
मुख्यमंत्री कहते हैं कि योजना में 1100 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ, जबकि हमने खर्च ही 450 करोड़ किए हैं। 90 करोड़ की तो भाजपा के समय की देनदारियां हैं। फिर 1100 करोड़ का घोटाला कैसे हुआ।
पहले उन्होंने 1100 करोड़ कहा, फिर 100 और फिर 120 करोड़ रुपये और जिन आपरेशन की बात वह कह रहे हैं, वो चारों पुरुष कैंसर रोगी थे, उनके नाम मैं बता चुका हूं। सरकार जांच करवा लें। सरकार कंठ तक भ्रष्टाचार में डूब चुकी है।
बिंदल बोले, प्रधानमंत्री का संवाद राष्ट्र निर्माण में प्रेरणादायक
मंडी में छह व सात अप्रैल को होने वाली भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों को लेकर रविवार को बैठक हुई। बैठक को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने संबोधित किया। उन्होंने अन्य नेताओं के साथ बैठक कर आगामी रूपरेखा पर चर्चा की।
इससे पहले सभी नेताओं ने परिधि गृह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम सुना। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संवाद राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणादायक है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज के कार्यक्रम में वैश्विक परिस्थितियों, विशेषकर मध्य पूर्व में चल रहे युद्धों के प्रभावों की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए देश को सतर्क रहने का संदेश दिया है।
इस मौके पर भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल, उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, महामंत्री पायल वैद्य, सचिव पि्रयंता शर्मा, प्रवक्ता अजय राणा, सचिव तिलकराज, जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा मौजूद रहे।

Post a Comment