Top News

मुख्यमंत्री देंगे 1.25 करोड़ लाडली बहनों को गिफ्ट, खातों में डालेंगे 1836 करोड़ !Chief Minister to Give Gifts to 1.25 Crore 'Ladli Bahanas'—Will Deposit ₹1,836 Crore into Their Accounts!


मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शुक्रवार को ग्वालियर जिले के घाटीगांव के समीप स्थित शबरी माता मंदिर परिसर में आयोजित होने जा रहे सम्मेलन में “मुख्यमंत्री लाडली बहना” के तहत प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक बहनों के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक राशि सिंगल क्लिक से अंतरित करेंगे। इसमें ग्वालियर जिले की 3 लाख 2 हजार 850 बहनों के खातों में पहुंचने वाली 44 करोड़ 83 लाख रुपये की राशि शामिल है।



यह राशि योजना की 34वीं किश्त के रूप में बहनों को प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री इस अवसर पर ग्वालियर जिले के अंतर्गत लगभग 122 करोड़ रुपये लागत के 54 कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी करेंगे। सरकार की विभिन्न स्वरोजगार मूलक योजनाओं के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिये आर्थिक सहायता भी वितरित करेंगे।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री वायुमार्ग से दोपहर राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल महाराजपुरा पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा घाटीगांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित देवनारायण मंदिर परिसर में बनाये गए हेलीपेड पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां स्थित देवनारायण मंदिर एवं कार्यक्रम स्थल के समीप स्थित शबरी माता मंदिर में भी प्रदेश की खुशहाली के लिए पूजा अर्चना भी करेंगे।

इन कार्यों का होगा लोकार्पण

मुख्यमंत्री जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, उनमें लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सांदिपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुलैथ का नया भवन शामिल है। इसके अलावा 9.11 करोड़ रुपये की लागत से डाडा खिरक तिघरा मार्ग पर सांक नदी पर बने उच्च स्तरीय पुल का भी लोकार्पण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।

इसके साथ ही उप स्वास्थ्य केंद्र बन्हेरी, ग्वालियर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्मित कई नई सड़कों का लोकार्पण भी कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा। इन परियोजनाओं से स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

इन परियोजनाओं का होगा भूमिपूजन

मुख्यमंत्री द्वारा जिन प्रमुख परियोजनाओं का भूमिपूजन किया जाएगा, उनमें आईएसबीटी के समीप 6.17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 100 सीटर श्रमिक विश्रामगृह शामिल है। इसके साथ ही 12.16 करोड़ रुपये की लागत से अंबेडकर धाम के दूसरे चरण में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन पर आधारित संग्रहालय का निर्माण भी शुरू किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post