Top News

बापू की आदमकद कांस्य प्रतिमा पैरों से काट ले गए चोरThieves cut off the feet of a life-size bronze statue of Bapu.

   • रवि उपाध्याय 


आस्ट्रेलिया के मेलबर्न में महात्मा गांधी की आदम कद कांस्य प्रतिमा चोरी हो गई है। चोर इस प्रतिमा को टखनों से काटकर ले गए हैं। यह प्रतिमा 426 किलोग्राम वजनी थी और इसे कांस्य से बनाया गया है। इस घटना की भारत ने कड़ी निंदा की है। मेलबर्न पुलिस ने कहा है कि वह मामले की जांच कर रही है।


भारतीय समुदाय ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। यह आदमकद प्रतिमा आस्ट्रेलियन ‘इंडियन कम्युनिटी सेंटर’ के बाहर लगी हुई थी। महात्मा गांधी की इस प्रतिमा को नई दिल्ली स्थित भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आइसीसीआर) ने तोहफे के तौर पर दिया था। आस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय के लिए इसका सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और प्रतीकात्मक महत्त्व भी था। इस प्रतिमा का उद्घाटन 12 नवंबर, 2021 को आस्ट्रेलिया के तत्कालीन प्रधानमंत्री स्काट मारिसन ने किया था।

आस्ट्रेलिया टुडे की रपट के अनुसार यह चोरी कथित तौर पर सोमवार को लगभग 12:50 बजे हुई। मेलबर्न पुलिस के अनुसार तीन अपराधियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा को उसके फाउंडेशन से काटने के लिए ‘एंगल ग्राइंडर’ का इस्तेमाल किया। सोशल मीडिया पर साझा की जा रही तस्वीरों में प्रतिमा को टखनों से काटा हुआ दिखाया गया है। ऐसे में प्रतिमा स्थल पर सिर्फ पैर ही बचे हैं।

इस घटना पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हम मेलबर्न के रोविल में आस्ट्रेलियन इंडियन कम्युनिटी सेंटर में मौजूद महात्मा गांधी की प्रतिमा को अनजान लोगों द्वारा नुकसान पहुंचाने और हटाने की कड़ी निंदा करते हैं। हमने आस्ट्रेलियाई अधिकारियों के सामने यह मामला जोरदार तरीके से उठाया है और उनसे गायब प्रतिमा को वापस लाने और दोषियों को जिम्मेदार ठहराने के लिए तुरंत कार्रवाई करने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post