Top News

मोदी–नीतीश के… गीत से गूंजा पटना!Patna resonated with songs praising Modi and Nitish!

 

 BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का भव्य स्वागत

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन सोमवार को पहली बार पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। ‘जोड़ी नीतीश–मोदी के हिट हो गइल’ गीत की धुन पर कार्यकर्ता झूमते नजर आए। ढोल-नगाड़ों, नारों और फूलों से पटना का माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर सुबह से ही शहर में राजनीतिक हलचल तेज रही।


एयरपोर्ट से शहर तक बाइक रैली, पोस्टरों से पटा पटना

नितिन नवीन के स्वागत में एयरपोर्ट से शहर तक बाइक रैली निकाली गई। भाजपा कार्यकर्ता पार्टी झंडे और बैनर के साथ सड़कों पर नजर आए। पटना के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं। रैली के जरिए कार्यकर्ताओं ने अपनी ताकत और उत्साह का प्रदर्शन किया।

बापू सभागार में अभिनंदन समारोह, हजारों कार्यकर्ता जुटे

बापू सभागार में भाजपा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया है। बिहार के सभी जिलों से हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। सभागार पूरी तरह पार्टी कार्यकर्ताओं से भर गया है। कार्यक्रम के दौरान नितिन नवीन संगठन की दिशा और आगामी रणनीति पर संवाद करेंगे।

45 साल में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बिहार के लिए गर्व: संजय सरावगी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि 45 वर्ष की उम्र में नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना पूरे बिहार के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि यह दौरा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा भरेगा। पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का संदेश इस कार्यक्रम से जाएगा।

सीनियर नेताओं की मौजूदगी से सजा मंच

बापू सभागार के मंच पर भाजपा के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, मंत्री मंगल पांडे, संजय जयसवाल, राधामोहन सिंह, नंद किशोर यादव, शाहनवाज हुसैन, अश्विनी चौबे, रेणु देवी, श्रेयसी सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर बैठे। नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और खास बना दिया।

ढोल-ताशों के बीच अध्यक्ष का इंतजार, उत्सव जैसा माहौल

अभिनंदन समारोह से पहले बापू सभागार में ढोल-ताशों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का इंतजार किया गया। पार्टी नेता और कार्यकर्ता कतार में खड़े होकर उनके स्वागत की तैयारी करते दिखे। सभागार के अंदर और बाहर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

दो दिवसीय दौरे में संगठनात्मक बैठकें भी शामिल

अपने दो दिवसीय बिहार दौरे के दौरान नितिन नवीन कई संगठनात्मक और राजनीतिक बैठकों में हिस्सा लेंगे। अभिनंदन समारोह के बाद वे प्रदेश पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक करेंगे। पार्टी संगठन को मजबूत करने पर विशेष फोकस रहेगा।

मंगलवार को विधानसभा जाएंगे, दिल्ली रवाना होंगे

मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार विधानसभा जाएंगे, जहां विधायक और विधानपार्षद उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यक्रम में शामिल होंगे। दौरे के अंतिम दिन शाम को वे पटना से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post