वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अभी से बढ़ रही राजनीतिक सरगर्मियों के बीच बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती भी पार्टी की चुनावी तैयारियों को गति देने जा रही हैं। इसके लिए सात फरवरी को पार्टी की बड़ी बैठक बुलाई गई है।छह फरवरी को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत दावे-आपत्तियों की अवधि पूरी होने के बाद होने जा रही इस बैठक में बसपा सुप्रीमो अपने कोर वोट बैंक को सहेजने के साथ सोशल इंजीनियरिंग की रणनीति समझाएंगी।
बसपा अगले विधानसभा चुनावों के लिए लंबे समय से तैयारी में जुटी है। पूर्व में बसपा सुप्रीमों के जन्मदिन 15 जनवरी के बाद बैठक होनी थी। अब होने वाली बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, सभी जिलाध्यक्ष, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष व प्रभारी, पिछड़ा व मुस्लिम भाईचारा कमेटियों के सदस्य और बामसेफ के सदस्यों आदि को बुलाया गया है।
बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। बसपा सुप्रीमो खुद पूर्व में संगठन को दिए गए कामों की प्रगति की जानकारी लेंगीं। इनमें संगठन के विस्तार के साथ एसआइआर में किए गए काम के बारे में भी पूछा जाएगा।बैठक में बसपा सुप्रीमो यूजीसी के नये नियमों को लेकर पार्टी के रुख से भी नेताओं को अवगत कराएंगी। इस मामले पर मायावती ने अब तक संतुलित रवैया अपनाया है। इसको बसपा की सवर्णों, विशेषकर ब्राह्मणों को साधने की रणनीति माना जा रहा है।

Post a Comment