Top News

मोदी का केरल-तमिलनाडु दौरा : नई रेल सेवाओं की सौगात, इनोवेशन हब और चुनावी अभियान का आगाजModi's visit to Kerala and Tamil Nadu: Inauguration of new rail services, innovation hub, and the launch of the election campaign.

  

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को केरल और तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे केरल में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए एक नए इनोवेशन हब की आधारशिला रखेंगे, वहीं चार नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती देंगे।

इसके साथ ही शहरी आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड भी जारी किए जाएंगे, जिससे रेहड़ी-पटरी वालों के वित्तीय समावेशन को नया आयाम मिलेगा। राज्य की राजधानी में एक आधुनिक डाकघर का उद्घाटन भी उनके कार्यक्रम में शामिल है।

रेल संपर्क को विस्तार देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री चार नई रेल सेवाओं का शुभारंभ करेंगे, जिनमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें होंगी। इन ट्रेनों के शुरू होने से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी। इससे यात्रियों को किफायती, सुरक्षित और समयबद्ध सफर मिलेगा, वहीं पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।


केरल में एक लाख से अधिक लाभार्थी

प्रधानमंत्री केरल में एक लाख से अधिक लाभार्थियों, जिनमें रेहड़ी-पटरी वाले भी शामिल हैं, को पीएम स्वनिधि ऋण वितरित करेंगे। इसके अलावा तिरुअनंतपुरम में सीएसआईआर-एनआईआईएसटी के इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और एंटरप्रेन्योरशिप हब की आधारशिला रखकर विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में नए अवसरों की नींव डालेंगे।

तमिलनाडु में चुनावी अभियान की शुरुआत

प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को केरल और तमिलनाडु में जनसभाओं को संबोधित कर भाजपा के चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज करेंगे। दौरे से पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता और तमिलनाडु चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने सहयोगी दलों के साथ कई दौर की बैठकें कर रणनीति को अंतिम रूप दिया। भाजपा ने एएमएमके और पीएमके के एक गुट को साथ लाकर गठबंधन को मजबूती देने का दावा किया है।

कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री तिरुअनंतपुरम से चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से हेलीकॉप्टर द्वारा मदुरांतकम जाएंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंचकर दोपहर करीब तीन बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम साढ़े चार बजे वे वापस चेन्नई लौटेंगे और लगभग पांच बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम

केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन ने बताया कि प्रधानमंत्री की तीन घंटे की इस यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वहीं अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने कहा कि मदुरांतकम की रैली तमिलनाडु की राजनीति में बदलाव का संकेत दे सकती है और इसमें करीब पांच लाख लोगों के जुटने की संभावना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post