Top News

सैर सपाटा Excursion

सैर सपाटा Excursion

समंदर के नीचे की खूबसूरत दुनिया का करना चाहते हैं सैर? भारत की ये जगहें स्कूबा डाइविंग के लिए हैं बेस्ट

आपने कभी सोचा है कि समुद्र की लहरों के नीचे एक अलग ही दुनिया बसती है? इस दुनिया रंग-बिरंगे कोरल, शांति से तैरती मछलियां और पानी के अंदर कई अनकही कहानियां होती हैं। भारत की अंडरवॉटर दुनिया बहुत खूबसूरत है। भारत में स्कूबा डाइविंग की कई ऐसी जगहें हैं, जहां शांति, खूबसूरती और अलग तरह का अनुभव मिलता है। 2026 में यह छुपी हुई खूबसूरती लोगों के बीच खास पहचान बना रही है। साफ लैगून से लेकर समुद्र के नीचे पड़े पुराने जहाजों तक, भारत में कई ऐसी जगहें हैं, जहां पर स्कूबा डाइविंग और स्नोर्कलिंग एक साधारण तैराकी को यादगार अनुभव बना देती है। आइए जानते हैं इन जगहों के बारे में



अंडमान आइलैंड (हैवलॉक और नील आइलैंड)

भारत में सबसे अच्छी डाइविंग अंडमान आइलैंड में होती है। यहां पानी में उतरते ही ऐसा महसूस होता है जैसे आप किसी दूसरी ही दुनिया में आ गए हों। यहां का पानी बेहद साफ और कोरल रीफ हेल्दी हैं। वहीं कछुए व रंगीन मछलियां आसानी से दिख जाती हैं। बहुत से लोग यहीं पहली बार डाइविंग करते हैं और इसी जगह से उन्हें समुद्र से प्यार हो जाता है।

लक्षद्वीप

लक्षद्वीप थोड़ा दूर जरूर है, लेकिन इसकी यही खासियत इसे शांत और अनछुआ बनाती है। यहां के नीले और उथले लैगून स्नोर्कलिंग के लिए बेहतरीन हैं। कोरल गार्डन इतने सुंदर हैं कि समय जैसे थम सा जाता है। यह जगह भीड़ से दूर सुकून चाहने वालों के लिए परफेक्ट है।

गोवा (ग्रांडे आइलैंड)

गोवा सिर्फ पार्टी के लिए नहीं, बल्कि डाइविंग के लिए भी जाना जाता है। ग्रांडे आइलैंड पर कोरल, अलग-अलग मछलियां और कुछ जगहों पर शिपव्रेक डाइव का मजा मिलता है। यहां पहुंचना आसान है, इसलिए पहली बार स्कूबा डाइविंग करने वालों के लिए यह अच्छी जगह मानी जाती है।

द्वारका

द्वारका में डाइविंग का अनुभव थोड़ा अलग है। यहां समुद्र के नीचे चट्टानों के साथ पौराणिक कथाओं की झलक मिलती है, जिन्हें भगवान कृष्ण के शहर से जोड़ा जाता है। यह इतिहास और शांति से भरा अनुभव है।

मुरुदेश्वर

मुरुदेश्वर में समुद्र के नीचे भगवान शिव की विशाल मूर्ति एक अनोखा दृश्य पेश करती है। साफ पानी में नीचे उतरते हुए इस मूर्ति को देखना एक ऐसा अनुभव है जो लंबे समय तक याद रहता है। यह भारत की सबसे खास और अलग डाइविंग जगहों में से एक है।

नेत्रनी आइलैंड

नेत्रनी आइलैंड कम लोगों को पता है, लेकिन डाइवर्स के बीच यह खास जगह मानी जाती है। साफ पानी, शानदार अंडरवॉटर बनावट और समुद्री जीवों की भरमार इसे 2026 की ट्रैवल लिस्ट में शामिल करने लायक बनाती है।

तारकरली

तारकरली बाहर से सिंपल लगता है, लेकिन पानी के नीचे इसका नजारा चौंकाने वाला हो सकता है। यहां स्नोर्कलिंग के लिए अच्छी विजिबिलिटी मिलती है, जो उन लोगों के लिए सही है जो ज्यादा दूर जाए बिना अंडरवॉटर अनुभव चाहते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post