मध्य प्रदेश के ग्वालियर की दो क्रिकेटर बेटियों ने भारतीय टीम में जगह बनाकर शहर का मान बढ़ाया है। पिछले साल महिला वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा को छह से नौ मार्च तक आस्ट्रेलिया के विरुद्ध पर्थ में होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। भारत की 15 सदस्यीय टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर करेंगी।
वैष्णवी टेस्ट टीम में चयनित होने वाली ग्वालियर चंबल संभाग की पहली खिलाड़ी है। वहीं, दाएं हाथ की बल्लेबाज अनुष्का शर्मा को एशिया कप के लिए भारत की ए टीम में शामिल किया गया है। इस टीम की कप्तानी राधा यादव करेंगी। यह टूर्नामेंट 13 से 22 फरवरी के बीच थाईलैंड में खेला जाएगा। अनुष्का को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है।
इसलिए मिला मौका
वैष्णवी ने 2025 की शुरुआत में भारत की अंडर-19 विश्व कप जीत के दौरान अपनी छाप छोड़ी थी। उन्होंने दिसंबर में श्रीलंका के विरुद्ध घरेलू टी-20 सीरीज के दौरान सीनियर टीम की तरफ से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। इस 20 वर्षीय स्पिनर ने अब तक पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। वैष्णवी अभी महिला प्रीमियर लीग (WPL) में मुंबई इंडियंस की ओर से खेल रही हैं। उन्होंने पदार्पण मैच में विकेट भी लिया था।
महिला क्रिकेट एकेडमी की सदस्य हैंअनुष्का
22 वर्षीय अनुष्का डब्ल्यूपीएल में गुजरात जायंट्स की ओर से खेलने वाली ग्वालियर की पहली खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपने पदार्पण मैच में 30 गेंदों में 44 रन बनाकर सुर्खियों बटोरीं, जिससे उन्हें 45 लाख रुपये की नीलामी कीमत के साथ एक महत्वपूर्ण उभरता हुआ खिलाड़ी माना जा रहा है। अगले मैच में क्षेत्ररक्षण के दौरान हथेली चोटिल हो गई थी जिससे उन्हें तीसरे, चौथे मैच में आराम दिया गया था। अब उन्होंने WPL में वापसी कर ली है। अनुष्का शिवपुरी स्थित महिला क्रिकेट एकेडमी की सदस्य हैं।

Post a Comment