दूषित पानी से इंदौर में 25 लोगों की मौत के बाद अब महू में भी दूषित पानी पीने से कई लोगों के बीमार होने का मामला सामने आया है. दूषित पानी और पीलिया के कारण 6 बच्चों की हालत बिगड़ने पर उन्हें महू के मध्य भारत अस्पताल में भर्ती करना पड़ा है. महू में दूषित पानी का मामला सामने आने पर देर रात इंदौर कलेक्टर ने महू पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. वहीं, सभी बीमार मरीजों के उपचार के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए हैं.
दूषित पानी से 25 बीमार, 6 बच्चे भी शामिल
महू के पट्टी बाजार क्षेत्र में कई दिनों से दूषित पानी आने की शिकायतें मिल रही थीं. यहां चंदन मार्ग के कई लोगों को जब लिवर में तकलीफ बढ़ी और पीलिया की समस्या सामने आने लगी तो तब यह मामला चर्चा में आया. इसके बाद कल तक यहां से करीब 25 लोगों के बीमार होने का पता चला है, जिसमें से 6 बच्चे थे और उनकी हालत ज्यादा खराब थी.
ज्यादातर लोगों पीलिया से पीड़ित
प्राथमिक जांच में पता चला है कि अधिकांश लोगों को पीलिया हुआ है. इसके पीछे की वजह यहां दूषित पानी की सप्लाई को बताया जा रहा है. इस मामले की सूचना के बाद इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा देर रात महू पहुंचे और अस्पताल में मरीजों से चर्चा की और प्रभावित मार्ग पर रहवासियों से भी चर्चा की. कलेक्टर को बताया गया कि दूषित पेयजल से कई लोग बीमार हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि अन्य लोग अपने घर में ही उपचार ले रहे हैं.

Post a Comment