Top News

इंदौर में इकठ्ठे हो रहे देश-दुनिया के बड़े न्यूरोलॉजिस्ट, ब्रेन और स्पाइन केयर को लेकर 700 प्रेजेंटेशनLeading neurologists from across the country and the world are gathering in Indore, with 700 presentations on brain and spine care.

 इंदौर: दुनिया भर में उभरती ब्रेन और स्पाइन केयर की चुनौतियां के बीच न्यूरोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया का राष्ट्रीय सम्मेलन इंदौर में आयोजित होने जा रहा है. इस सम्मेलन में देश और दुनिया के न्यूरोलॉजिस्ट ब्रेन और स्पाइन केयर के इलाज के क्षेत्र में नवीनतम तकनीक, शोध और वैज्ञानिक आदान-प्रदान पर मंथन करेंगे. इस दौरान पूर्व थल सेना अध्यक्ष जनरल बीपी मालिक ऑपरेशन विजय से लेकर हुए ऑपरेशन सिंदूर पर अपनी राय रखेंगे.


न्यूरोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया का सम्मेलन

न्यूरोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया अपना 73वां वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन एनएसआईकॉन 2025 का आयोजन 10 से 14 दिसंबर 2025 तक इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर, विजय नगर में करने जा रही है. सम्मेलन का आयोजन न्यूरोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंदौर द्वारा किया जा रहा है. जिसमें शहर के सभी न्यूरोलॉजिस्ट और न्यूरो सर्जन के अलावा देश और दुनिया के चर्चित न्यूरोलॉजिस्ट और न्यूरो फिजिशियन शामिल होंगे. जिनमें मुख्य रूप से इस वर्ष के सम्मेलन में विश्व के प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन और न्यूरोलॉजिस्ट भाग ले रहे हैं.

विदेश से भी पहुंचेंगे न्यूरो सर्जन

इस आयोजन में सीएनएस(यूएसए), ईएएनएस (यूरोप) और एबीएनसी (ब्राजील) के प्रतिनिधि भी शामिल हो रहे हैं. प्रमुख अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों में डॉ. डेनियल जे. होह अध्यक्ष, सीएनएस(यूएसए), डॉ. टॉर्स्टिन आर. मेलिंग अध्यक्ष, ईएएनएस(डेनमार्क), डॉ. पाउलो हेनरिके (अध्यक्ष, ब्राज़ीलियन सोसाइटी ऑफ न्यूरोसर्जरी), डॉ. लुईस बोर्बा (चेयरमैन, एजुकेशन एंड ट्रेनिंग कमिटी,डब्ल्यूएफएनएस), प्रो. डॉ. आकाश पटेल, डॉ. रॉब्सन अमोरियम (पास्ट प्रेसिडेंट, ब्राज़ीलियन अकैडमी ऑफ़ न्यूरोसर्जरी, ब्राज़ील), डॉ. आंद्रे जिओकोमेली (प्रेसिडेंट, ब्राज़ीलियन अकैडमी ऑफ़ न्यूरोसर्जरी, ब्राज़ील) और डॉ. गार्नी बार्खुडारियन (यूएसए), डॉ अशोक वर्मा (सीनियर न्यूरोसर्जन, मियामी) प्रमुख रूप से शामिल होंगे.

बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में पहल

एनएसआईकॉन 2025 का उद्घाटन समारोह 11 दिसंबर को दोपहर 12 बजे मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल द्वारा किया जाएगा. इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मध्य प्रदेश सरकार कैलाश विजयवर्गीय विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. आयोजन के ऑर्गनाइजिंग चेयरमैन डॉ. वसंत डाकवाले और ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. जे एस कठपाल ने बताया कि "एनएसआईकॉन 2025 चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञान-संवर्धन, उपचार मानकों के उन्नयन और जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक अहम पहल है."

700 से अधिक डिबेट्स का आयोजन

ऑर्गनाइजिंग चेयरमैन डॉ. वसंत डाकवाले ने बताया कि "सम्मेलन के दौरान 700 से अधिक वैज्ञानिक प्रस्तुतियां होंगी. इनमें शोधपत्र, केस-स्टडी, वीडियो प्रेजेंटेशन और डिबेट्स आयोजित की जाएंगी साथ ही चर्चा की जाएगी. यह रिकॉर्ड संख्या एनएसआईकॉन 2025 की वैज्ञानिक गुणवत्ता और वैश्विक भागीदारी को दर्शाती है. इसके साथ ही 10 दिसम्बर को सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में न्यूरो-नर्सिंग पर केंद्रित समानांतर सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। इस सम्मलेन में नर्सिंग स्टाफ को ट्रेंड किया जाएगा. जिससे सर्जरी के दौरान डॉक्टर को अधिकतम मदद मिल सके.

कार्यशालाएं और जन जागरूकता कार्यक्रम

सम्मेलन की शुरुआत विशेष कार्यशाला से होगी, जिनमें जटिल मस्तिष्क संरचना, माइक्रोसर्जिकल, एंडोस्कोपिक तकनीकें, एंडोवास्कुलर प्रक्रियाएं, बोटॉक्स इंटरवेंशन और संज्ञानात्मक पुनर्वास जैसे विषय शामिल होंगे. 11 दिसंबर को आयोजित पूर्ण-दिवसीय सीएमई सत्र में विशेषज्ञ नवीनतम उपचार पद्धतियों पर चर्चा करेंगे. 12 से 14 दिसंबर तक वैज्ञानिक सत्र, पैनल चर्चा, वाद-विवाद और शोध प्रस्तुतियां होंगी. 14 दिसंबर को एनएसआई द्वारा सड़क सुरक्षा जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. जिसका उद्देश्य हेलमेट उपयोग और सुरक्षित ड्राइविंग को बढ़ावा देना है. इसके अलावा 13 दिसंबर को पूर्व थलसेनाध्यक्ष जनरल वी पी मलिक का भी विशेष संबोधन होगा.

Post a Comment

Previous Post Next Post