‘वायु’ के चार सूत्रों पर जोर, लड़ाकू स्क्वाड्रनों की क्षमता बढ़ाना और आत्मनिर्भरता सर्वोच्च प्राथमिकताओं में
नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना को नया नेतृत्व मिल गया है। एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने 31 अक्टूबर को वायुसेना के 29वें प्रमुख के रूप में पदभार संभाल लिया। उन्होंने एयर चीफ मार्शल एपी सिंह का स्थान लिया, जो 42 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए।
नई जिम्मेदारी के साथ दीक्षित के सामने वायुसेना की लड़ाकू क्षमता मजबूत करने, आधुनिकीकरण और स्वदेशी रक्षा तकनीक को गति देने की बड़ी चुनौती है। उन्होंने लड़ाकू स्क्वाड्रनों की क्षमता बढ़ाने को प्रमुख प्राथमिकताओं में रखा है।
दीक्षित ने वायुसेना की कार्ययोजना को ‘वायु’ के चार सूत्रों में रेखांकित किया है। इनमें सतर्कता एवं तत्परता, आत्मनिर्भरता, नवाचार और एकजुट प्रयास शामिल हैं। ड्रोन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर युद्ध और अंतरिक्ष आधारित प्रणालियों की बढ़ती भूमिका के बीच उन्होंने भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने पर जोर दिया।
चार दशक के सैन्य अनुभव वाले दीक्षित के नेतृत्व में अब वायुसेना की तैयारी और तकनीकी मजबूती पर नजर रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें