Top News
Loading...

मुख्यमंत्री का दरबार या कठपुतलियों का मंच?

 तीन साल का हिसाब मांगेंगे मुख्यमंत्री, दो साल का रोडमैप बताएंगे मंत्री; अब सवाल यह कि सरकार में फैसले कितने और दरबार में हाजिरी कितनी?

प्रणव बजाज

मध्यप्रदेश की राजनीति में दिसंबर का महीना सिर्फ ठंड नहीं, सत्ता के गलियारों में गर्मी भी लेकर आने वाला है। पहले अधिकारियों का रिपोर्ट कार्ड बनेगा, फिर मंत्रियों की परीक्षा होगी और उसके बाद तय होगा कि किसकी कुर्सी मजबूत है और किसकी टांग के नीचे से सत्ता की जमीन खिसक सकती है।



चित्रकूट में मंत्रियों से डेढ़-डेढ़ घंटे तक सवाल-जवाब की तैयारी है। तीन साल में क्या किया? कौन-सी योजना चली? कहां अटकी? अगले दो साल में क्या करेंगे? यानी मंत्री अब मंत्री कम और परीक्षा देने वाले विद्यार्थी ज्यादा नजर आएंगे।


लेकिन असली सवाल इससे भी बड़ा है। लोकतंत्र में मंत्री जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं या मुख्यमंत्री के सामने प्रदर्शन देने वाले कर्मचारी? यदि हर मंत्री को अपनी कुर्सी बचाने के लिए ऊपर की ओर देखकर चलना है, तो जनता की ओर देखकर फैसले कौन करेगा?


मंत्रियों से सवाल होना गलत नहीं है। जवाबदेही लोकतंत्र की ताकत है। लेकिन सवाल यह है कि क्या यही कसौटी सरकार के शीर्ष नेतृत्व पर भी लागू होगी? क्या मुख्यमंत्री से भी पूछा जाएगा कि तीन साल में कौन-सी घोषणाएं अधूरी हैं, बेरोजगारी कितनी घटी, किसानों की परेशानी कितनी कम हुई और भ्रष्टाचार पर कितनी लगाम लगी?


कहीं ऐसा तो नहीं कि रिपोर्ट कार्ड बनाने के नाम पर सत्ता का पूरा तंत्र एक व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमने लगे? मंत्री हाथ उठाएं तो आदेश की ओर, मुंह खोलें तो मंजूरी की ओर और कदम बढ़ाएं तो कुर्सी की ओर!


यही वह जगह है जहां लोकतंत्र और दरबार में फर्क धुंधला पड़ने लगता है। लोकतंत्र में मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल का नेतृत्व करता है, लेकिन मंत्रियों को कठपुतली नहीं होना चाहिए। उन्हें जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए, मगर अपनी राजनीतिक समझ और संवैधानिक जिम्मेदारी के साथ।


दिसंबर का चिंतन शिविर इसलिए सिर्फ मंत्रियों की परीक्षा न बने। वहां सरकार का भी आईना सामने रखा जाए। क्योंकि रिपोर्ट कार्ड सिर्फ मंत्रियों का नहीं, पूरी सरकार का बनना चाहिए।


वरना जनता पूछेगी—यह मुख्यमंत्री का दरबार है या लोकतंत्र का मंत्रिमंडल? और अगर सभी हाथ किसी एक डोर से बंधे हैं, तो फिर कठपुतली कौन चला रहा है और डोर किसके हाथ में है?

Post a Comment

और नया पुराने