कड़ी-पांच
प्रणव बजाज
उपशीर्षक: पाटेंद्र जायसवाल के 'कागजी ठेकेदार' वाले कबूलनामे ने खोली आबकारी विभाग की पोल; सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमर सिंह बघेल समेत तीन निलंबित, लेकिन 40 करोड़ के सिंडिकेट को 'अभयदान' देने वाले बड़े अफसर अब भी कानून की जद से बाहर
खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी हत्याकांड की तफ्तीश में जैसे-जैसे परतें खुल रही हैं, आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली सीधे कटघरे में खड़ी हो गई है। पुलिस रिमांड में 10 प्रतिशत के हिस्सेदार और कागजी लाइसेंसी पाटेंद्र जायसवाल ने यह कहकर सनसनी फैला दी है कि लाइसेंस उसके नाम पर जरूर था, लेकिन उसने आज तक शराब की दुकान देखी ही नहीं है। पाटेंद्र के इस एक बयान ने आबकारी विभाग के उन तमाम दावों की हवा निकाल दी है, जिनमें नियमित जांच और स्टॉक मिलान की बात कही जाती है।
किन अफसरों पर गिरी गाज, कौन अब भी बचा?
टीआई की मौत के बाद जब जांच की आंच हरदा जिले के टिमरनी की शराब दुकानों तक पहुंची, तो विभाग ने खुद को बचाने के लिए आनन-फानन में छोटी कार्रवाई का सहारा लिया:
• सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमर सिंह बघेल निलंबित: टिमरनी क्षेत्र के प्रभारी अधिकारी अमर सिंह बघेल को गंभीर लापरवाही और निगरानी में चूक का दोषी मानते हुए निलंबित कर भोपाल उड़नदस्ते में भेजा गया।
• दो आबकारी आरक्षक भी निलंबित: बघेल के अधीन तैनात आबकारी आरक्षक अरुण कुमरे और कृष्णपाल सिंह डोडियार पर भी निलंबन की गाज गिरी है।
• जिला आबकारी अधिकारी पर सीधे सवाल: हरदा जिला आबकारी अधिकारी सुनील भोजने ने घटना के बाद टिमरनी की तीन दुकानों (हरदा रोड और सोडलपुर रोड सहित) को सील कर लाइसेंस निरस्त करने की पुष्टि की। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिले के मुखिया की नाक के नीचे 1,400 से ज्यादा पेटियों का स्टॉक गायब होकर गुजरात कैसे पहुंच रहा था? क्या इतनी बड़ी हेराफेरी बिना ऊपर की सहमति के संभव है?
आबकारी नियमों की खुलेआम धज्जियां: कैसे चल रहा था किरायेदारी का खेल?
मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम और ठेका नीति के तहत लाइसेंसी को दुकान खुद चलाना अनिवार्य है और किसी तीसरे व्यक्ति को हिस्सेदारी या किराये पर दुकान देना गैरकानूनी है। इसके बावजूद नियमों को ताक पर रखा गया:
• कागजों पर पाटेंद्र, कब्जा राहुल-मनीष का: टिमरनी की दुकानों का लाइसेंस बड़वानी के पाटेंद्र जायसवाल के नाम पर जारी हुआ, जबकि जमीनी संचालन 30-30 प्रतिशत के हिस्सेदार राहुल जायसवाल, मनीष जायसवाल और दिवंगत मोहित जायसवाल कर रहे थे।
• बैच नंबर की खुलेआम हेराफेरी: जांच में यह चौंकाने वाला सच सामने आया कि खातेगांव में पकड़े गए ट्रक के गुप्त तहखाने में जिस बैच नंबर की शराब मिली, वह सरकारी रिकॉर्ड में सोडलपुर रोड (टिमरनी) की दुकान में दर्ज थी, जबकि हरदा रोड की दुकान का पूरा स्टॉक ही गायब मिला। बिना आबकारी पोर्टल और स्थानीय अमले की मिलीभगत के यह हेराफेरी असंभव है।
राजनीतिक रसूख और तीन स्तरों का सुरक्षा कवच
मुख्य आरोपी राहुल जायसवाल का राजनीतिक रसूख भी इस गठजोड़ को बचाने में ढाल बना रहा। हरदा जिला युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और खातेगांव विधानसभा प्रभारी रहे राहुल को मामला गर्माने के बाद कांग्रेस ने पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। पुलिस ने राहुल की तीन यात्री बसें, 35 लाख रुपये नकद और लेन-देन के दस्तावेज जब्त किए हैं। पूछताछ में साफ हुआ है कि यह गिरोह तीन स्तरों के सुरक्षा घेरे (आगे चलने वाली गाड़ियों, जैसे कैरम सिंह की कार) के जरिए हरदा से देवास, धार और झाबुआ होते हुए गुजरात तक अवैध शराब पहुंचाता था।
उच्च न्यायालय की सख्ती के बाद बड़ा सवाल
इधर, इंदौर उच्च न्यायालय में गुजरात सीमा से जुड़े जिलों में दर्ज 163 तस्करी मामलों की सुनवाई ने इस पूरे तंत्र को बेनकाब कर दिया है। याचिका में सीधे तौर पर सवाल उठाया गया है कि पुलिस की जांच हमेशा ट्रक चालक, परिचालक और छोटे मोहरों तक ही क्यों सिमट जाती है?
असली सवाल: जब सहायक आबकारी अधिकारी अमर सिंह बघेल और दो आरक्षकों का निलंबन इस बात का सबूत है कि विभाग की निगरानी पूरी तरह फेल थी, तो क्या विशेष जांच दल की तफ्तीश उन वरिष्ठ आबकारी अधिकारियों और सफेदपोशों की कॉल डिटेल और बैंक खातों तक पहुंचेगी, जिनके संरक्षण में 40 करोड़ रुपये का यह कागजी ठेका चल रहा था?

एक टिप्पणी भेजें