सपा-कांग्रेस में सीटों की जंग, सवाल गठबंधन का नहीं भाजपा को रोकने की रणनीति का
प्रणव बजाज :सम्पादमीच
उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा अब गठबंधन की सबसे बड़ी अग्निपरीक्षा बन गया है। कांग्रेस ने 403 में से 181 सीटों पर दावा ठोका है, जबकि सपा इस दावे को उसके पिछले विधानसभा प्रदर्शन के आईने में देख रही है। 2022 में कांग्रेस केवल दो सीटें जीत सकी थी, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन ने उत्तर प्रदेश की 80 में से 43 सीटें जीतकर भाजपा को बड़ा झटका दिया था।
यहीं से असली सवाल पैदा होता है—क्या लोकसभा की सफलता विधानसभा में भी उसी अनुपात में दोहराई जा सकती है?
कांग्रेस का तर्क है कि उसकी जमीन बदली है और वह मजबूत सीटों की पहचान कर रही है। सपा का तर्क है कि टिकट कागज पर दावे देखकर नहीं, जीतने की क्षमता देखकर बांटे जाने चाहिए। दोनों तर्कों में दम है, लेकिन दोनों के बीच संतुलन जरूरी है।
अगर कांग्रेस 181 सीटों पर अड़ती है और सपा 30-40 सीटों से आगे बढ़ने को तैयार नहीं होती, तो यह बातचीत गठबंधन बचाने के बजाय अहंकार की लड़ाई बन सकती है। 17 नवंबर से सीट-दर-सीट मंथन होना है।
सपा को भी समझना होगा कि कांग्रेस को बहुत छोटा कर देना गठबंधन की सामाजिक पहुंच को कमजोर कर सकता है। कांग्रेस को भी यह स्वीकार करना होगा कि केवल 2024 के लोकसभा नतीजे विधानसभा में सीटों का अधिकार-पत्र नहीं हैं।
2027 की लड़ाई सीटों की संख्या से नहीं, भाजपा के खिलाफ सबसे मजबूत उम्मीदवार और सबसे मजबूत सामाजिक समीकरण से जीती जाएगी।
गठबंधन में बड़ा कौन है, यह बाद में तय होगा; पहले यह तय होना चाहिए कि भाजपा को हराने के लिए सबसे सही कौन है।

एक टिप्पणी भेजें