नवरात्रि के गरबा आयोजनों को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल ने गैर-हिंदुओं की एंट्री के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। गुजरात के सूरत में दोनों संगठनों की स्थानीय इकाइयों ने गरबा आयोजकों से मांग की है कि आयोजनों में गैर-हिंदुओं को प्रवेश नहीं दिया जाए और कार्यक्रम से जुड़े कर्मचारियों तथा ठेकेदारों की भी पहचान सुनिश्चित की जाए।
संगठनों ने आयोजकों से प्रवेश के दौरान वैध फोटो पहचान पत्र या आधिकारिक पास की जांच करने को कहा है। साथ ही कलाकारों, फोटोग्राफरों, वीडियोग्राफरों, लाइट-साउंड ऑपरेटरों, कैटरिंग कर्मचारियों, पार्किंग स्टाफ और बाउंसरों के लिए भी हिंदू होने की शर्त रखने की मांग की गई है। नियमों का पालन नहीं होने पर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी भी दी गई है।
महाराष्ट्र में भी VHP ने इस साल गरबा-डांडिया आयोजकों के लिए इसी तरह की सलाह जारी की थी। संगठन ने प्रतिभागियों के आधार कार्ड की जांच और माथे पर तिलक लगाने जैसे उपाय सुझाए थे। VHP का कहना है कि गरबा केवल मनोरंजन नहीं बल्कि देवी पूजा से जुड़ा धार्मिक आयोजन है।
हालांकि, कानून-व्यवस्था लागू करने का अधिकार पुलिस और प्रशासन के पास है। सूरत में VHP और बजरंग दल ने भी अपने कार्यकर्ताओं से कानून हाथ में नहीं लेने और किसी उल्लंघन की स्थिति में पुलिस या प्रशासन को सूचना देने को कहा है।

Post a Comment