प्रणव बजाज
मध्य प्रदेश के प्रशासनिक गलियारों में इन दिनों एक ऐसा भूचाल आया है जिसने सरकार की साख और जनता की गाढ़ी कमाई के रखवालों को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है। मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग (DPR) और इंदौर नगर निगम (IMC) के गठजोड़ से उपजा ₹3,200 करोड़ का विज्ञापन और वीआईपी इवेंट घोटाला अब परत-दर-परत खुलने लगा है। हाई कोर्ट की सख्ती के बाद लोकायुक्त और ईओडब्ल्यू (EOW) की रडार पर कोई और नहीं, बल्कि प्रदेश के सबसे रसूखदार आईएएस अधिकारियों में शुमार पूर्व जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह और उनका पूरा सिंडिकेट है।
इस महाघोटाले का सबसे शर्मनाक पहलू यह है कि जहां ग्रामीण और ब्लॉक स्तर के छोटे समाचार पत्र जनसंपर्क विभाग से विज्ञापन के एक-एक टुकड़े के लिए तरस रहे हैं, वहीं साहब के चहेते दलालों और फर्जी ट्रैवल एजेंसियों ने कागजों पर मोपेड (स्कूटर) और ई-रिक्शा को 'लग्जरी फॉर्च्यूनर' बनाकर करोड़ों रुपये डकार लिए।
'साहब' का दोहरा साम्राज्य: इंदौर से जनसंपर्क विभाग तक बिछा जाल
इस पूरे खेल की क्रोनोलॉजी को समझें तो इसके केंद्र में वरिष्ठ आईएएस मनीष सिंह का कार्यकाल है। इंदौर के निगम कमिश्नर और कलेक्टर रहने के बाद जब वे भोपाल में जनसंपर्क आयुक्त (Commissioner of Public Relations) की कुर्सी पर बैठे, तो इंदौर के भ्रष्ट वेंडर्स, दलालों और इंजीनियरों की पूरी फौज उनके पीछे-पीछे भोपाल मंत्रालय (वल्लभ भवन) और जनसंपर्क निदेशालय तक पहुंच गई।
जांच में सामने आया है कि विज्ञापनों और वीआईपी आयोजनों के बजट को ठिकाने लगाने के लिए जनसंपर्क विभाग और नगर निगम के फंड को आपस में डाइवर्ट किया गया। जो गाड़ियां कागजों पर मंत्रियों और वीआईपी को घुमा रही थीं, उनका भुगतान कभी जनसंपर्क की सहयोगी संस्था 'माध्यम' से हुआ तो कभी इंदौर नगर निगम के स्वच्छता और वीआईपी बजट से।
काले चिट्ठे में शामिल चेहरों के नाम:
1. रसूखदार अफसरशाही की चौकड़ी:
मनीष सिंह (IAS): तत्कालीन जनसंपर्क आयुक्त व पूर्व निगम कमिश्नर इंदौर, जिन्हें इस पूरे ₹3,200 करोड़ के विज्ञापन आवंटन और निविदा प्रक्रिया में केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) की गाइडलाइंस की धज्जियां उड़ाने का मुख्य सूत्रधार माना जा रहा है।
प्रतिभा पाल (IAS): पूर्व नगर निगम कमिश्नर इंदौर, जिनकी भूमिका भी इस क्रॉस-फंडिंग और बिलिंग की फाइलों को लेकर कोर्ट के हलफनामे के बाद जांच के दायरे में है।
अभय Rathore (निलंबित कार्यपालन यंत्री): इस सिंडिकेट का वह जमीनी मोहरा, जो जनसंपर्क और नगर निगम की फाइलों को बिना किसी स्क्रूटनी के आगे बढ़ाता था।
हर्ष गहलोत (उपयंत्री, इंदौर): जिसे लोकायुक्त पुलिस ने हाल ही में गाड़ियों की फर्जी लॉग-बुक सत्यापित करने और कमीशनखोरी के चक्कर में रंगे हाथों ट्रैप किया है।
2. फर्जीवाड़ा करने वाली ट्रैवल एजेंसियां:
अदिति टूर एंड ट्रैवल्स (भोपाल-इंदौर सिंडिकेट): इस क्लोज-नेटवर्क एजेंसी का कारनामा देखकर जांच अधिकारी भी दंग हैं। उज्जैन महाकाल कॉन्फ्रेंस जैसे बड़े आयोजनों में इस एजेंसी ने ई-रिक्शा और मोपेड (टू-व्हीलर) के नंबरों को कागजों में इनोवा क्रिस्टा और 26-सीटर लग्जरी ट्रैवलर दिखाया और ₹57 लाख से अधिक का भुगतान उठा लिया। कागजों में एक गाड़ी को 25 घंटे में 22,000 किलोमीटर चलता हुआ दिखा दिया गया!
रामा ट्रैवल्स और मालवा लॉजिस्टिक्स (इंदौर): इंदौर संभाग के जनसंपर्क दौरों में बिना किसी वास्तविक यात्रा के केवल फर्जी किलोमीटर बढ़ाकर सरकारी खजाने को चूना लगाने के दायरे में।
7 अवैध कमर्शियल फर्म्स: इंदौर जिला प्रशासन और परिवहन विभाग द्वारा हाल ही में सील की गई वे एजेंसियां, जो बिना आरटीओ टैक्स चुकाए और बिना वैध परमिट के सालों से सरकारी विभागों में गाड़ियां अटैच कर रही थीं।
3. वल्लभ भवन से इंदौर प्रेस कॉम्प्लेक्स तक के दलाल:
संदीप जैन और सचिन जैन: वेंडर सिंडिकेट के वे मास्टरमाइंड, जिन्होंने कागजों पर फर्जी और डमी कंपनियां खड़ी करके बिना कोई काम किए करोड़ों के विज्ञापन और पब्लिसिटी बजट को ठिकाने लगाया।
मोहम्मद तनवीर खान और वेद शर्मा: जनसंपर्क अधिकारियों और वेंडर्स के बीच की कड़ियाँ, जो फाइलों को टेबल-टू-टेबल पास कराने के लिए कमीशन की सेटिंग करते थे।
छोटे अखबारों की बलि, कॉर्पोरेट और दलालों की चांदी
इस घोटाले ने मध्य प्रदेश की मीडिया नीति को भी बेनकाब कर दिया है। जनसंपर्क विभाग के पास विज्ञापन और पब्लिसिटी के लिए प्रतिदिन औसतन ₹1.93 करोड़ से ₹2.24 करोड़ का बजट रहता है। साल 2023-24 में विज्ञापन पर कुल ₹817.58 करोड़ उड़ाए गए।
नियमों के मुताबिक इस बजट का एक हिस्सा छोटे और मध्यम समाचार पत्रों को मिलना चाहिए था, ताकि ग्रामीण पत्रकारिता जीवित रह सके। लेकिन मनीष सिंह के सिंडिकेट ने छोटे अखबारों की फाइलें अटका कर रखीं और बजट का शेर-शेयर (बड़ा हिस्सा) कुछ चुनिंदा पीआर वेंडर्स, बड़े कॉर्पोरेट घरानों और इन फर्जी ट्रैवल एजेंसियों की जेबों में डाल दिया।
लोकायुक्त और ईडी की दबिश, अब जेल की तैयारी
इंदौर और भोपाल में अब इस सिंडिकेट के उल्टे दिन शुरू हो चुके हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इंदौर के इस फर्जी बिलिंग रैकेट में 20,000 से अधिक पन्नों की चार्जशीट कोर्ट में पेश कर दी है, वहीं लोकायुक्त की इंदौर विंग आरटीओ रिकॉर्ड से उन सभी फर्जी नंबरों की जांच कर रही है जिनके नाम पर जनसंपर्क विभाग से भुगतान हुआ था।
जनता टैक्स दे रही है ताकि राज्य का विकास हो, लेकिन मध्य प्रदेश का जनसंपर्क विभाग और उसके आला अफसर उस पैसे से ई-रिक्शा को फॉर्च्यूनर बनाकर अपनी 'इमेज चमकाने' और जेबें भरने में व्यस्त थे। अब देखना यह है कि हाई कोर्ट की इस सख्ती के बाद इन बड़े मगरमच्छों पर कानून का शिकंजा कब तक कसता है।


एक टिप्पणी भेजें