Top News
Loading...

नागपुर MLC चुनाव में BJP को झटका: टिकट कटने पर अनिल सोले ने खोला मोर्चा, निर्दलीय उतरने का ऐलान

नागपुर। महाराष्ट्र विधान परिषद के नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा की उम्मीदवार घोषणा के साथ ही पार्टी के भीतर नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। भाजपा ने पूर्व विधायक सुधाकर कोहले को उम्मीदवार बनाया, जिसके बाद पूर्व महापौर और पूर्व विधान परिषद सदस्य अनिल सोले ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। सोले को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के करीबी नेताओं में गिना जाता है। 



सोले ने कहा है कि वह 5 अक्टूबर को दोपहर 1:30 बजे निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करेंगे। उनके मुताबिक उन्होंने पार्टी नेतृत्व को पहले ही अपने चुनाव लड़ने की इच्छा से अवगत करा दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि उनके समर्थक कई महीनों से चुनाव की तैयारी कर रहे हैं और उनके दबाव के बाद उन्होंने निर्दलीय मैदान में उतरने का फैसला किया। 


भाजपा में टिकट को लेकर सोले और सुधाकर कोहले के नाम पर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। कोहले को पार्टी ने नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता पंजीयन की जिम्मेदारी भी दी थी। आखिरकार भाजपा ने कोहले के नाम पर मुहर लगा दी। 


नागपुर सीट पर कांग्रेस ने मौजूदा विधान परिषद सदस्य अभिजीत वंजारी को फिर उम्मीदवार बनाया है। 2020 में वंजारी ने भाजपा के संदीप जोशी को हराकर यह सीट जीती थी। अब सोले के निर्दलीय मैदान में उतरने से भाजपा के सामने अपने ही संगठन से निकली चुनौती भी जुड़ गई है। हालांकि अंतिम तस्वीर 9 अक्टूबर की नाम वापसी के बाद स्पष्ट होगी। मतदान 23 अक्टूबर को प्रस्तावित है।

Post a Comment

Previous Post Next Post