अमरकंटक। द्वारका-शारदा पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती ने अमरकंटक के प्रस्तावित नर्मदा लोक कॉरिडोर को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि तीर्थ स्थलों का विकास जरूरी है, लेकिन विकास के नाम पर उनकी प्राचीन पहचान, आध्यात्मिक गरिमा और प्राकृतिक स्वरूप से छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए।
शंकराचार्य ने कहा कि अमरकंटक केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि मां नर्मदा की उद्गमस्थली और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है। इसलिए यहां होने वाले निर्माण और विकास कार्यों में स्थानीय परंपराओं, धार्मिक मान्यताओं और पर्यावरण का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “तीर्थ को तीर्थ ही रहने दो, विकास के नाम पर विनाश नहीं होना चाहिए।”
उन्होंने नर्मदा लोक की योजना को लेकर यह भी सवाल उठाया कि आधुनिक निर्माण और सुविधाओं के विस्तार के बीच कहीं अमरकंटक का मूल स्वरूप ही न बदल जाए। उनका जोर ऐसे विकास पर रहा, जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़े, लेकिन तीर्थ की पहचान और उसकी प्राकृतिक-आध्यात्मिक विरासत सुरक्षित रहे।

एक टिप्पणी भेजें