राजस्थान के भरतपुर जिले में पूर्व भाजपा विधायक अतर सिंह भड़ाना की मौत ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 11 अक्टूबर की शाम भौंडा गांव में पत्थर खदान और क्रशर संयंत्र के पुराने विवाद के दौरान हिंसक संघर्ष हुआ। इस घटना में गंभीर रूप से घायल भड़ाना की मौत हो गई।
पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश ने आरोप लगाया है कि खदान से जुड़े विवाद, कर्मचारियों को धमकाने और अन्य घटनाओं की जानकारी पुलिस तथा प्रशासन को पहले भी दी गई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। यदि ये शिकायतें पहले दर्ज कराई गई थीं, तो उनकी जांच और उन पर हुई कार्रवाई का विवरण सामने आना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं अशोक गहलोत, गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली ने घटना को लेकर राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने इसे गंभीर सुरक्षा विफलता बताते हुए सरकार को घेरा है।
इस मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि क्या पुलिस को संभावित हिंसा की पूर्व सूचना थी और यदि थी, तो समय रहते सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं की गई? हालांकि, हत्या पूर्व नियोजित थी या नहीं, यह अभी जांच का विषय है। पुलिस को शिकायतों, पुराने विवाद, घटनास्थल के साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों की निष्पक्ष जांच करनी होगी। आरोपों की पुष्टि के बिना इसे सुनियोजित हत्या करार देना जल्दबाजी होगी।

एक टिप्पणी भेजें