Top News
Loading...

एमपी भाजपा में फिर घमासान, प्राधिकरण की कुर्सी पर टकराव

अध्यक्ष पंचूलाल प्रजापति ने उपाध्यक्ष पर लगाए प्रताड़ना के आरोप, मुख्यमंत्री तक पहुंचा विवाद; संगठन ने दोनों को भोपाल बुलाया



भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा में अंदरूनी खींचतान थमने का नाम नहीं ले रही। अब विंध्य विकास प्राधिकरण में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष आमने-सामने हैं। प्राधिकरण अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पंचूलाल प्रजापति ने उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह पर मानसिक प्रताड़ना, प्रशासनिक कामकाज में हस्तक्षेप और अधिकारियों पर दबाव बनाने के आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी है।


प्रजापति ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने जातिसूचक शब्दों के कथित इस्तेमाल का आरोप भी लगाया। हालांकि, पहले अजाक थाने में शिकायत करने के बाद उन्होंने अगले ही दिन शिकायत वापस ले ली। उपाध्यक्ष अजय सिंह ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उनके पास ऐसी किसी शिकायत की जानकारी नहीं है।


विवाद की जड़ प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की नियुक्ति और प्रशासनिक अधिकारों को लेकर बताया जा रहा है। अधिकारी बदलने के घटनाक्रम के बाद दोनों पक्षों में तनातनी बढ़ी।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के मुताबिक, दोनों पदाधिकारियों को भोपाल बुलाया गया है, ताकि मतभेद दूर किए जा सकें।


सवाल यह है कि अनुशासन का दावा करने वाले संगठन में पद और अधिकारों की यह लड़ाई आखिर कब थमेगी? जब सत्ता पक्ष के अपने ही पदाधिकारी सार्वजनिक आरोपों तक पहुंच जाएं, तो जवाबदेही तय करना भी जरूरी है।

Post a Comment

और नया पुराने