Top News
Loading...

गांधीनगर मेन रोड पर अवैध पांडाल का मामला हाईकोर्ट पहुंचा, मंगलवार को सुनवाई




इंदौर। गांधीनगर मेन रोड पर रास्ता बंद कर बनाए गए पांडाल का मामला अब उच्च न्यायालय पहुंच गया है। इस मामले में मंगलवार को इंदौर स्थित उच्च न्यायालय में जनहित याचिका पर सुनवाई निर्धारित की गई है।


जानकारी के अनुसार, मुख्य मार्ग पर पांडाल बनाए जाने से स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों को आवागमन में परेशानी हो रही है। प्रभावित लोगों का दावा है कि इस मार्ग का कोई वैकल्पिक रास्ता नहीं है। पांडाल के कारण रास्ता पूरी तरह बंद होने से आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।


स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों ने इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार शिकायत की। शुक्रवार रात तक कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने का आरोप है। इसके बाद अधिवक्ता चर्चित शास्त्री के माध्यम से उच्च न्यायालय की इंदौर पीठ में जनहित याचिका दायर की गई।


याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता चर्चित शास्त्री ने बताया कि पांडाल के कारण 10 हजार से अधिक लोग प्रभावित हो रहे हैं। याचिका में आवागमन के लिए 10 फीट जगह उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई है। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की और इसके पीछे राजनीतिक दबाव की आशंका है।


अब मंगलवार को होने वाली सुनवाई में इस मामले पर न्यायालय का रुख महत्वपूर्ण रहेगा। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि न्यायालय की सुनवाई के बाद रास्ते से जुड़ी समस्या के समाधान की दिशा में कार्रवाई होगी।

Post a Comment

और नया पुराने