डार्क वेब पर मिली निजी जानकारी, बैंक ने जांच के लिए स्वतंत्र साइबर सुरक्षा एजेंसी लगाई
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक के ग्राहकों की निजी जानकारी उजागर होने का मामला सामने आया है। बैंक के अनुसार, डार्क वेब पर उपलब्ध करीब 3.75 लाख रिकॉर्ड की शुरुआती जांच में 3,897 ग्राहकों से जुड़ी व्यक्तिगत जानकारियां मिली हैं।
लीक जानकारी में ग्राहकों के नाम, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, ईमेल, घर के पते, ग्राहक पहचान संबंधी विवरण और ऋण से जुड़े रिकॉर्ड शामिल बताए गए हैं।
बैंक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वतंत्र साइबर सुरक्षा एजेंसी को जांच सौंपी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि जानकारी कहां से बाहर आई, उसका कितना हिस्सा वास्तविक है और ग्राहकों पर कितना जोखिम है।
एसबीआई का कहना है कि इस घटना से उसके मुख्य बैंकिंग परिचालन पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है। हालांकि, निजी जानकारी उजागर होने से ग्राहकों को फर्जी फोन, संदेश और वित्तीय ठगी का खतरा हो सकता है।
सवाल यह है कि ग्राहकों की गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखने की व्यवस्था में चूक कहां हुई? जांच पूरी होने के बाद ही इसकी वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

एक टिप्पणी भेजें