युवा प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, जनवरी में तीन दिन तक भारतीय कला और संस्कृति का संगम
इंदौर, 10 अक्टूबर। भारतीय कला, संस्कृति और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘एवॉम भारत कला महोत्सव 2027’ के आधिकारिक पोस्टर का शनिवार को फीनिक्स प्राइड ऑफ इंडिया स्थित आइनॉक्स में भव्य अनावरण किया गया। आयोजन 8, 9 और 10 जनवरी 2027 को इंदौर में होगा।
एवॉम भारत संस्था द्वारा आयोजित इस महोत्सव में संगीत, नृत्य, नाटक, सिनेमा, चित्रकला, हस्तशिल्प, हास्य और पारंपरिक कलाओं सहित अनेक विधाओं की प्रस्तुतियां होंगी। आयोजकों का उद्देश्य इंदौर को मध्य भारत के प्रमुख सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
कार्यक्रम में संस्कार भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री अभिजीत गोखले, उद्योगपति विनोद अग्रवाल, फिल्म निर्देशक कमलेश मिश्रा, पद्मश्री सम्मानित लोक कलाकार भेरूसिंह चौहान और कालूराम बामनिया तथा नाट्य निर्देशक सतीश दवे उपस्थित रहे।
अभिजीत गोखले ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र और संस्कृति के विकास की दिशा में लगाना आवश्यक है। उन्होंने महेश्वरी वस्त्रकला और जनजातीय कलाओं को मंच देने की पहल को महत्वपूर्ण बताया।
विनोद अग्रवाल ने कहा कि युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना समय की जरूरत है। आयोजकों को उम्मीद है कि यह महोत्सव भारतीय कला और युवा प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाएगा।

एक टिप्पणी भेजें