आयाम बजाज
मुंबई : महाराष्ट्र के कल्याण में रियल एस्टेट परियोजना से जुड़ी कथित 176 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में तीन बिल्डरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। शिकायत 66 वर्षीय सेवानिवृत्त नंदा प्रभाकर म्हात्रे ने की है।
शिकायत के अनुसार, म्हात्रे ने 31 अगस्त 2021 को टायकुन गोल्ड एवेन्यू परियोजना के गोल्डमाइन एवेन्यू-1 की ए विंग में 11वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट क्रमांक 1101 बुक किया था। फ्लैट की कुल कीमत करीब 68.15 लाख रुपये तय हुई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पंजीकरण की प्रक्रिया तक उन्होंने चेक और गृह ऋण के माध्यम से बिल्डरों को करीब 39.36 लाख रुपये का भुगतान किया।
इसके बावजूद परियोजना और फ्लैट को लेकर कथित तौर पर वादे के मुताबिक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई। शिकायत में बिल्डरों पर अन्य खरीदारों से भी बड़ी रकम लेने और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। इसी आधार पर पुलिस ने तीन बिल्डरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
मामले में अब पुलिस की जांच से यह स्पष्ट होगा कि कथित 176 करोड़ रुपये की राशि का पूरा हिसाब क्या है, कितने खरीदार प्रभावित हैं और परियोजना में धन का इस्तेमाल किस तरह किया गया।

एक टिप्पणी भेजें