लखनऊ। पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की उड़ान बुधवार को खराब मौसम के बीच करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। घटना के बाद विमान के अगले हिस्से में लगे सुरक्षा आवरण को नुकसान पहुंचा। हालांकि पायलटों ने स्थिति को संभालते हुए विमान को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया। विमान में 104 यात्री और छह चालक दल के सदस्य सवार थे और सभी सुरक्षित रहे।
इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई625 ने पटना से उड़ान भरी थी। विमान को लगभग 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था, लेकिन वह करीब 4:05 बजे सुरक्षित उतर गया। प्रारंभिक जानकारी में बिजली गिरने को नुकसान का संभावित कारण बताया गया है। हालांकि इंडिगो के अनुसार विमान को उतरते समय खराब मौसम और ओलावृष्टि का भी सामना करना पड़ा था, जिससे उसके अगले हिस्से में लगा राडोम क्षतिग्रस्त हुआ। अंतिम कारण तकनीकी जांच के बाद स्पष्ट होगा।
घटना के बाद विमान को लखनऊ हवाई अड्डे पर ही रोक दिया गया और तकनीकी जांच शुरू की गई। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को भी घटना की जानकारी दी गई है। विमान आवश्यक रखरखाव और नियामकीय मंजूरी मिलने के बाद ही दोबारा उड़ान भर सकेगा। यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए एयरलाइन ने वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की।

एक टिप्पणी भेजें