Top News
Loading...

पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क का शक: नौसेना के 13 कर्मी जांच के घेरे में, नाविक और चालक गिरफ्तार



आंध्र प्रदेश में पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध जासूसी नेटवर्क की जांच ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। ‘ऑपरेशन फायरवॉल-2026’ के तहत कुल 18 संदिग्ध जांच के घेरे में हैं, जिनमें 13 नौसेना कर्मी बताए गए हैं। जांच विशाखापत्तनम स्थित नौसेना और रक्षा प्रतिष्ठानों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी कथित तौर पर पाकिस्तान तक पहुंचाए जाने के आरोपों पर केंद्रित है। 


आंध्र प्रदेश की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें विशाखापत्तनम नौसेना से जुड़े नागरिक ठेका चालक अन्नम साई वरप्रसाद और नौसेना कर्मचारी प्रदीप मुखर्जी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों पर संवेदनशील रक्षा सूचनाएं पाकिस्तान से जुड़े खुफिया संचालकों तक पहुंचाने का आरोप है। 


जांच एजेंसियों के मुताबिक, नौसेना कर्मचारी को कथित तौर पर हनीट्रैप के जरिए संपर्क में लाया गया और उसके बाद संवेदनशील जानकारी हासिल करने का प्रयास किया गया। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं। 


कार्रवाई केवल आंध्र प्रदेश तक सीमित नहीं है। दस राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 12 टीमें जांच कर रही हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 18 संदिग्धों में से कितनों की भूमिका वास्तव में सामने आती है और संवेदनशील जानकारी कितनी दूर तक पहुंची।

Post a Comment

और नया पुराने