Top News

राजनाथ सिंह ने ‘सेवा संकल्प यात्रा’ को दिखाई हरी झंडी, बोले—जहां लोगों की सोच खत्म होती है, वहीं से PM मोदी का विजन शुरू होता है

 

वाराणसी | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत हुई। वाराणसी में रक्षा मंत्री ने ‘वाराणसी से वडनगर’ सेवा संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाई। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। 



राजनाथ सिंह ने कहा कि यह केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने वाली यात्रा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी की जन्मभूमि वडनगर और कर्मभूमि काशी को जोड़ने वाली यात्रा है। उन्होंने कहा कि वडनगर के संस्कार, काशी का आशीर्वाद और मोदी का सेवा-संकल्प एक धारा के रूप में भारत के विकास के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं। 


रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की चर्चा करते हुए कहा, “जहां लोगों की सोच समाप्त होती है, वहीं पीएम मोदी का विजन प्रारंभ होता है।” उन्होंने गुजरात में 2001 के भूकंप के बाद हुए विकास का उदाहरण देते हुए कहा कि मोदी ने गुजरात को तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया।


राजनाथ सिंह ने मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार मोदी 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और पिछले 12 वर्ष से देश के प्रधानमंत्री रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात को गंभीरता से सुना जाता है। 


वाराणसी-वडनगर यात्रा के साथ भाजपा ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन से एक महीने के सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post