इंदौर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) इंदौर शाखा का वार्षिकोत्सव रविवार, 27 सितंबर 2026 को होटल रेडिसन में गरिमामय माहौल में आयोजित हुआ। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने भाग लिया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण अमलतास इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस, देवास के प्रोफेसर डॉ. अजय करकरे का सम्मान रहा। उन्हें चिकित्सा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में दी गई उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में IMA इंदौर की नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई। डॉ. कविता बापट को अध्यक्ष तथा डॉ. विनीता कोठारी को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने चिकित्सा समुदाय के हितों के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर के कुलपति प्रो. राकेश सिंघई रहे। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं और समाज निर्माण में चिकित्सकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
अमलतास ग्रुप के चेयरमैन मयंक राज सिंह भदौरिया ने डॉ. करकरे के सम्मान को संस्थान के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान डॉ. करकरे की निरंतर मेहनत, निष्ठा और मरीजों की सेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है।

Post a Comment