आयोवा में बनेगा मेगा स्टील प्लांट, 2030 से उत्पादन की तैयारी; शुरुआती क्षमता 75 लाख टन सालाना
अमेरिका में भारत के Essar Group की बड़ी औद्योगिक परियोजना सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 28 सितंबर को आयोवा में 15 अरब डॉलर के नए स्टील प्लांट की घोषणा की। यह प्लांट Essar Group की अमेरिकी कंपनी Mesabi Metallics बनाएगी। अमेरिकी प्रशासन ने इसे देश के इतिहास का सबसे बड़ा स्टील प्लांट बताया है।
परियोजना के तहत शुरुआती चरण में करीब 75 लाख टन स्टील सालाना उत्पादन की योजना है। पूरी क्षमता विकसित होने के बाद उत्पादन करीब 1 करोड़ टन सालाना तक पहुंच सकता है। उत्पादन 2030 से शुरू होने की उम्मीद है। प्लांट को मिनेसोटा में Mesabi Metallics की नई आयरन-ओर माइन से कच्चा माल मिलेगा, जिससे खनन से लेकर स्टील निर्माण तक पूरी सप्लाई चेन अमेरिका में रखने की योजना है।
परियोजना से आयोवा में करीब 1,750 स्थायी रोजगार और निर्माण चरण में हजारों नौकरियां पैदा होने का अनुमान है। इसके साथ मिनेसोटा की नई आयरन-ओर परियोजना भी इस औद्योगिक श्रृंखला का हिस्सा है। Essar पहले ही मिनेसोटा में करीब 2.5 अरब डॉलर के निवेश से जुड़ी परियोजना आगे बढ़ा चुका है।
ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी विनिर्माण और घरेलू स्टील उत्पादन बढ़ाने को अपनी आर्थिक नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है। स्टील आयात पर ऊंचे टैरिफ के बीच यह परियोजना अमेरिका में घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें