लंदन। ब्रिटेन की राजधानी लंदन में रविवार को टेम्स नदी का किनारा भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और संस्कृति से सराबोर नजर आया। पहली बार टेम्स नदी के तट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने हिस्सा लेकर दीप जलाए और नदी, प्रकृति तथा जीवन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
आरती के दौरान मंत्रोच्चार और धार्मिक संगीत से टेम्स का तट गूंज उठा। भारतीय समुदाय के साथ स्थानीय लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। श्रद्धालुओं ने नदी के सामने दीप प्रज्वलित कर जल संरक्षण और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण की भावना को वैश्विक मंच पर सामने लाना भी था। गंगा भारत में आस्था, संस्कृति और जीवनदायिनी नदी के रूप में विशेष स्थान रखती हैं। इसी परंपरा की प्रतीकात्मक झलक टेम्स के किनारे दिखाई दी।
हजारों दीपों की रोशनी और आरती के मंत्रों ने लंदन के इस ऐतिहासिक नदी तट को भारतीय रंग में रंग दिया। आयोजन ने प्रवासी भारतीयों के लिए अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का अवसर दिया, वहीं स्थानीय लोगों के बीच भी भारतीय परंपराओं के प्रति आकर्षण दिखाई दिया।

Post a Comment