अमित शाह और योगी करेंगे चौथे इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन, 85 देशों के खरीदार जुटेंगे
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और कारोबारी ताकत को वैश्विक बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से चौथा उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो आज से ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुरू होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 11 बजे कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। पांच दिवसीय आयोजन 29 सितंबर तक चलेगा।
इस वर्ष ट्रेड शो की थीम ‘Ultimate Sourcing Begins Here’ रखी गई है। आयोजकों के अनुसार इसमें 2,400 से अधिक प्रदर्शक, करीब 1.5 लाख B2B खरीदार और 4.5 लाख से अधिक आम आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार और प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
जापान, रूस, वियतनाम, ऑस्ट्रिया, सिंगापुर और बेलारूस इस संस्करण के पार्टनर देश हैं। आयोजन में उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने रखा जाएगा। MSME, कृषि, ऑटोमोबाइल, रक्षा, आईटी, स्वास्थ्य, पर्यटन, नवीकरणीय ऊर्जा, हस्तशिल्प और ODOP उत्पाद प्रमुख आकर्षण होंगे।
इस बार ‘One District, One Cuisine’ को भी प्रमुखता दी जा रही है, जिससे प्रदेश के पारंपरिक खान-पान को वैश्विक बाजार से जोड़ने की कोशिश होगी। खरीदार और प्रदर्शक UPITS ऐप के जरिए पहले से B2B बैठकें तय कर सकेंगे। ज्ञान सत्र, फैशन शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
आयोजन को देखते हुए सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस व्यवस्था में 7 DCP, 14 ADCP, 38 ACP, 80 इंस्पेक्टर, 300 सब-इंस्पेक्टर और करीब 1,500 कांस्टेबल तैनात रहेंगे। आयोजन स्थल की निगरानी के लिए 550 CCTV कैमरों और ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा।
यह ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के छोटे कारोबारियों, निर्माताओं और निर्यातकों के लिए विदेशी खरीदारों से सीधे संपर्क, नए बाजार और निवेश संभावनाओं का मंच उपलब्ध कराने पर केंद्रित है। सरकार ने उत्तर प्रदेश को वैश्विक sourcing hub बनाने को आयोजन का प्रमुख उद्देश्य बताया है।

Post a Comment