बोले- यह जिम्मेदारी मेरे लिए सौभाग्य, भगवान श्रीराम मुझे इसे निभाने की सामर्थ्य दें
करीब चार दशक तक देश की रक्षा के लिए आसमान में मोर्चा संभालने वाले सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा अब रामलला की सेवा में नई भूमिका निभाएंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाए जाने के बाद मिश्रा का भावुक बयान सामने आया है। उन्होंने इस जिम्मेदारी को अपना सौभाग्य बताते हुए भगवान श्रीराम से इसे पूरी निष्ठा और क्षमता के साथ निभाने की प्रार्थना की।
मिश्रा ने कहा कि देश की सेवा के बाद अब रामलला की सेवा का अवसर मिलना उनके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने भरोसा जताया कि भगवान श्रीराम उन्हें इस जिम्मेदारी को पूरा करने की शक्ति देंगे।
भारतीय वायुसेना में 38 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मिश्रा पश्चिमी वायु कमान के प्रमुख रह चुके हैं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली थी। उनके सैन्य जीवन में कारगिल युद्ध सहित कई महत्वपूर्ण अभियानों का अनुभव रहा है।
राम मंदिर ट्रस्ट ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और जवाबदेह बनाने के लिए पहली बार पूर्णकालिक सीईओ का पद बनाया है। इस पद के लिए 5,585 आवेदन आए थे और चयन प्रक्रिया में तकनीकी छंटनी के साथ मानवीय मूल्यांकन भी किया गया। अंततः जितेंद्र मिश्रा के नाम पर मुहर लगी।
वर्दी से मंदिर प्रशासन तक का यह सफर सिर्फ पद परिवर्तन नहीं, सेवा की भूमिका बदलने की कहानी है। अब निगाहें इस बात पर होंगी कि सैन्य अनुशासन का अनुभव राम मंदिर की विशाल प्रशासनिक व्यवस्था में कितना बदलाव लाता है।

Post a Comment