Top News

पाकिस्तान ने भारत आने से किया इनकार, हॉकी इंडिया का दो टूक जवाब—नहीं आए तो बांग्लादेश या ओमान को मौका

नई दिल्ली । बौद्धिक प्रतिकार



एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी 2026 को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर खेल के मैदान से बाहर का विवाद सामने आ गया है। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) ने सुरक्षा और दोनों देशों के बीच मौजूदा संवेदनशील परिस्थितियों का हवाला देते हुए भारतीय जमीन पर टूर्नामेंट खेलने से इनकार कर दिया है। PHF ने एशियन हॉकी फेडरेशन से टूर्नामेंट को भारत से बाहर कराने या पाकिस्तान के सभी मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर कराने की मांग की है।


इसके जवाब में हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने साफ कर दिया कि आयोजन स्थल बदला नहीं जाएगा। उनका कहना है कि पाकिस्तान को टूर्नामेंट में खेलना है तो उसे भारत आना होगा। यदि पाकिस्तान नहीं आता है तो उसकी जगह दूसरी टीम को शामिल करने का विकल्प मौजूद है। बांग्लादेश और ओमान को संभावित विकल्प बताया गया है।


टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक भारत में प्रस्तावित है। मुकाबले जालंधर और मोहाली में होने हैं। छह टीमों में भारत, पाकिस्तान, मलेशिया, चीन, जापान और कोरिया शामिल हैं।


दिलचस्प बात यह है कि कुछ दिन पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पाकिस्तान के टूर्नामेंट में शामिल होने की बात कही थी, लेकिन बाद में PHF ने स्पष्ट किया कि भारत यात्रा के लिए उसे अपनी सरकार से मंजूरी नहीं मिली थी। अब पाकिस्तान की ओर से न्यूट्रल वेन्यू की औपचारिक मांग ने मुकाबले को लेकर अनिश्चितता बढ़ा दी है।


फैसला अब एशियन हॉकी फेडरेशन को करना है कि पाकिस्तान की मांग पर क्या रुख अपनाया जाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post