Top News
Loading...

हल्दिया में इंडियन ऑयल के विस्तार का रास्ता साफ, बंगाल सरकार देगी अतिरिक्त जमीन


कोलकाता। पश्चिम बंगाल के हल्दिया में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) के लंबे समय से अटके विस्तार प्रस्ताव को अब जमीन मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कंपनी को अतिरिक्त जमीन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। IOC हल्दिया में संभावित केमिकल डाउनस्ट्रीम परियोजना के जरिए अपने कारोबार का विस्तार करना चाहती है। 


जानकारी के मुताबिक, परियोजना के लिए करीब 175 एकड़ जमीन की जरूरत है। हल्दिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (HDA) की ओर से फिलहाल 85 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई गई है। बाकी जमीन की व्यवस्था के लिए राज्य सरकार ने हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स के साथ भी बातचीत शुरू की है। मुख्यमंत्री ने संकेत दिया है कि जमीन आवंटन में IOC को प्राथमिकता दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। 


IOC के चेयरपर्सन अरविंदर सिंह साहनी ने बताया कि कंपनी हल्दिया में विस्तार पर विचार कर रही है और संभावित परियोजना के रूप में केमिकल डाउनस्ट्रीम प्लांट पर चर्चा चल रही है। प्रस्ताव को आगे चलकर कंपनी के बोर्ड के सामने रखा जाएगा। हालांकि अभी निवेश की अंतिम राशि तय नहीं हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह की परियोजना में करीब 5,000 से 6,000 करोड़ रुपये का निवेश संभव हो सकता है। 



हल्दिया पहले से ही पश्चिम बंगाल का प्रमुख औद्योगिक और पेट्रो-केमिकल केंद्र है। HDA के अनुसार उसके पास औद्योगिक विकास के लिए करीब 341 एकड़ का लैंड बैंक उपलब्ध है। 


अब निगाह इस बात पर है कि अतिरिक्त जमीन कब उपलब्ध होती है और IOC का प्रस्तावित निवेश किस आकार में जमीन पर उतरता है।

Post a Comment

और नया पुराने