इंदौर | बौद्धिक प्रतिकार
इंदौर में भाजपा के बड़े आयोजन के दौरान मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की एक टिप्पणी और उसके बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के जवाब ने राजनीतिक चर्चा को हवा दे दी। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आयोजन की तैयारियों और रूपरेखा का उल्लेख करते हुए भाजपा के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पूरे कार्यक्रम की रचना और रूपरेखा रणदिवे के नेतृत्व में तैयार हुई।
इसके बाद मंच पर धन्यवाद ज्ञापन के दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री की बात का अपने अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा—“मुख्यमंत्री जी ने आज एक राज की बात बताई है कि इस पूरे कार्यक्रम के सूत्रधार गौरव रणदिवे थे।” इसके साथ ही उन्होंने रणदिवे को सफल आयोजन के लिए बधाई और आभार भी जताया।
विजयवर्गीय की इस टिप्पणी के दौरान मंच पर नितिन नवीन मौजूद थे। रिपोर्टों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने भी इस दौरान नितिन नवीन से कुछ बातचीत की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
हालांकि, मंच से हुई इन टिप्पणियों के आधार पर भाजपा के भीतर किसी बड़े मतभेद का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। फिलहाल इतना स्पष्ट है कि एक ही मंच पर मुख्यमंत्री द्वारा रणदिवे को आयोजन का श्रेय देना और उसके तुरंत बाद विजयवर्गीय का ‘राज की बात’ वाला तंज इंदौर की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।

Post a Comment