Top News

महाराष्ट्र की बेटी नीला विखे पाटिल स्वीडन की संसद पहुंचीं, शिक्षाविद पिता अशोक विखे पाटिल की बेटी ने रचा इतिहास

 

महाराष्ट्र के अहमदनगर से गहरा जुड़ाव रखने वाली नीला विखे पाटिल स्वीडन की संसद रिक्सदाग के लिए निर्वाचित हुई हैं। 41 वर्षीय नीला स्टॉकहोम सिटी से ग्रीन पार्टी की उम्मीदवार थीं। 349 सदस्यीय स्वीडिश संसद में पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि वह उन लोगों की आवाज बनना चाहती हैं, जो मतदान नहीं कर सकते। 



नीला का जन्म स्वीडन में हुआ, लेकिन उनके बचपन के शुरुआती वर्ष महाराष्ट्र के अहमदनगर में बीते। उनके पिता अशोक विखे पाटिल महाराष्ट्र के जाने-माने शिक्षाविद और विखे पाटिल फाउंडेशन के प्रमुख हैं। पिता ने बेटी की उपलब्धि पर गर्व जताया है। नीला पूर्व केंद्रीय मंत्री बालासाहेब विखे पाटिल की पोती और महाराष्ट्र के मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल की भतीजी हैं। 


नीला इससे पहले स्वीडन के प्रधानमंत्री कार्यालय में राजनीतिक सलाहकार के रूप में काम कर चुकी हैं। उस दौरान वित्त, कर और आवास जैसे विषय उनकी जिम्मेदारियों में शामिल थे। वह स्टॉकहोम नगर परिषद की सदस्य भी रह चुकी हैं। 


शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका मजबूत आधार रहा है। उन्होंने गोथेनबर्ग स्कूल ऑफ बिजनेस से अर्थशास्त्र और कानून की पढ़ाई की तथा एमबीए किया। इसके अलावा मैड्रिड स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ कॉम्प्लूटेंस से भी अध्ययन किया। 


जीत के बाद नीला ने अपनी भारतीय जड़ों को याद करते हुए कहा कि उन्हें भारत से बहुत प्यार है और वह देश से गहरा जुड़ाव महसूस करती हैं। उन्होंने अपने दादा को भी याद किया, जो उन्हें किशोरावस्था में राज्य का बजट पढ़ने के लिए प्रेरित करते थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post