जन्माष्टमी पर कान्हा को तरह-तरह के पकवानों का भोग लगाया जाता है। इस बार आप घर पर मलाईदार और स्वादिष्ट लड्डू बना सकते हैं, जिसकी खासियत यह है कि इसे तैयार करने के लिए गैस जलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कम समय और आसानी से बनने वाली यह मिठाई भोग के साथ-साथ पूरे परिवार को भी पसंद आएगी
।
सामग्री
1 कप मिल्क पाउडर
आधा कप मलाई या गाढ़ी क्रीम
आधा कप पिसी हुई चीनी
2-3 चम्मच नारियल का बुरादा
2 चम्मच कटे हुए बादाम और काजू
थोड़ी इलायची पाउडर
सजावट के लिए पिस्ता या नारियल बुरादा
बनाने की विधि
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मलाई और मिल्क पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसमें पिसी हुई चीनी और इलायची पाउडर डाल दें। अब कटे हुए बादाम-काजू और नारियल का बुरादा मिलाकर मिश्रण को अच्छी तरह तैयार करें।
अगर मिश्रण ज्यादा ढीला लगे तो थोड़ा मिल्क पाउडर मिला सकते हैं। वहीं मिश्रण सूखा लगे तो थोड़ी मलाई डालें। तैयार मिश्रण को 10 से 15 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें, ताकि यह थोड़ा सेट हो जाए।
इसके बाद हाथों पर हल्का घी लगाकर मिश्रण से छोटे-छोटे गोल लड्डू बना लें। ऊपर से नारियल के बुरादे या बारीक कटे पिस्ते में लपेटकर सजाएं।
बस तैयार हैं कन्हैया के लिए मलाईदार लड्डू। बिना गैस, बिना ज्यादा मेहनत और बेहद कम समय में बनने वाला यह भोग जन्माष्टमी की थाली को और खास बना देगा।

Post a Comment