Top News
Loading...

शक्कर मिल की जमीन से करोड़ों की बैलेंस शीट तक सवाल, अर्चना चिटनिस समेत अधिकारियों को हाईकोर्ट का नोटिस


जबलपुर। बुरहानपुर की इश्वम सहकारी शक्कर एवं कृषि उद्योग मर्यादित से जुड़े कथित वित्तीय और दस्तावेजी अनियमितताओं के मामले में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने पूर्व मंत्री एवं बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस समेत प्रदेश के गृह सचिव, प्रमुख सचिव उद्योग विभाग और अन्य अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामला महू निवासी धर्मेंद्र शुक्ला की ओर से दायर जनहित याचिका से जुड़ा है।


याचिका में आरोप लगाया गया है कि चिटनिस के अध्यक्ष रहते बुरहानपुर शक्कर मिल के लिए टाकलखेड़ा में जमीन खरीदने और खंडवा के विश्रामपुर में प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया अपनाई गई। याचिका के मुताबिक तत्कालीन मुख्यमंत्री उमा भारती से मिल का उद्घाटन भी कराया गया और इसके लिए शासन से राशि प्राप्त की गई। याचिकाकर्ता का दावा है कि बाद में आरटीआई से मिले दस्तावेजों और मौके की जांच में वहां अपेक्षित शक्कर मिल का प्लांट नहीं मिला।


सबसे गंभीर सवाल करोड़ों रुपये की बैलेंस शीट और उसके ऑडिट को लेकर उठाया गया है। याचिका में दावा है कि कागजों पर करोड़ों की वित्तीय गतिविधियां और बैलेंस शीट तैयार की गईं, जबकि मौके की स्थिति अलग बताई गई। जमीन की रजिस्ट्रियों और राजस्व कार्रवाई पर भी सवाल उठाए गए हैं।


याचिकाकर्ता का कहना है कि संबंधित अधिकारियों को दस्तावेजों के साथ सूचना देकर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। इसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा। नोटिस जारी होना आरोपों की पुष्टि नहीं है; अब संबंधित पक्षों के जवाब और रिकॉर्ड के आधार पर अदालत में मामले की आगे सुनवाई होगी।

Post a Comment

और नया पुराने