नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय किशोरी से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, किशोरी अपने दोस्त के साथ मंदिर में दर्शन के बाद आस्था कुंज पार्क की ओर गई थी। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए दोनों को धमकाने लगे।
आरोप है कि युवकों ने किशोरी के दोस्त को पकड़ लिया और किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान एक आरोपी आसिफ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
कालकाजी मंदिर और आसपास का इलाका श्रद्धालुओं व पर्यटकों की आवाजाही वाला क्षेत्र है। ऐसे स्थान के नजदीक इस तरह की वारदात ने सुरक्षा इंतजामों और पुलिस निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच का फोकस आरोपियों की पूरी भूमिका और फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर है।

Post a Comment