नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार से 10 सितंबर तक श्रीलंका के तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हैं। यात्रा के दौरान वे श्रीलंका के शीर्ष नेतृत्व के साथ विभिन्न द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा कोलंबो में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे।
राजनाथ सिंह रक्षा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों वाले उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। भारत सरकार के अनुसार, यात्रा का प्रमुख उद्देश्य दोनों देशों के पारंपरिक रूप से मजबूत संबंधों को और गति देना है। खास तौर पर रक्षा और समुद्री सुरक्षा सहयोग को महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जा रहा है।
भारत और श्रीलंका के बीच ऐतिहासिक एवं सभ्यतागत संबंधों के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा, रक्षा, व्यापार और आर्थिक सहयोग का व्यापक ढांचा है। श्रीलंका के आर्थिक संकट के दौरान भारत की सहायता और 2025 में चक्रवात दितवाह के बाद राहत सहायता ने भी दोनों देशों के संबंधों को मजबूती दी।
हिंद महासागर क्षेत्र में बढ़ती रणनीतिक चुनौतियों के बीच यह यात्रा भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति और महासागर दृष्टिकोण के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Post a Comment