Top News

80 साल पुरानी UNSC व्यवस्था पर G4 की हुंकार, न्यूयॉर्क के बाद अब दिल्ली में होगी अगली समीक्षा



न्यूयॉर्क/नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में सुधार की मांग को लेकर भारत, ब्राजील, जर्मनी और जापान के G4 समूह ने एक बार फिर तत्काल बदलाव का मुद्दा उठाया है। 22 सितंबर को न्यूयॉर्क में 81वें संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र से इतर चारों देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक हुई। संयुक्त बयान में G4 ने कहा कि मौजूदा आठ दशक पुरानी संरचना आज की भू-राजनीतिक वास्तविकताओं को पर्याप्त रूप से प्रतिबिंबित नहीं करती। 


G4 ने सुरक्षा परिषद में स्थायी और गैर-स्थायी, दोनों श्रेणियों में सदस्य संख्या बढ़ाने को सुधार प्रक्रिया का केंद्रीय हिस्सा बताया। समूह ने अफ्रीका, एशिया-प्रशांत तथा लैटिन अमेरिका और कैरेबियन जैसे कम प्रतिनिधित्व वाले क्षेत्रों की भागीदारी बढ़ाने की भी मांग की। अफ्रीकी देशों को स्थायी श्रेणी में बेहतर प्रतिनिधित्व देने की मांग का भी G4 ने समर्थन दोहराया। 


चारों देशों ने सुरक्षा परिषद सुधार के लिए चल रही Intergovernmental Negotiations (IGN) प्रक्रिया के 18 साल में ठोस परिणाम नहीं निकलने पर चिंता जताई। G4 ने कहा कि अब सुधार के लिए टेक्स्ट-आधारित वार्ता शुरू करना प्राथमिकता होनी चाहिए। 


अब इस कवायद का अगला चरण नई दिल्ली में होगा। G4 देशों के अधिकारियों को न्यूयॉर्क बैठक के फैसलों पर आगे काम करने की जिम्मेदारी दी गई है और अगली Director General-level बैठक में प्रगति की समीक्षा की जाएगी। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी कहा है कि चारों देश अधिक प्रतिनिधित्वपूर्ण और प्रभावी बहुपक्षीय व्यवस्था के साझा उद्देश्य पर आगे काम करेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post