उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर रातभर डटे लोग, 600 से ज्यादा जवान तैनात; आज हाईकोर्ट में सुनवाई



सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन की ऐतिहासिक शाही मस्जिद को सड़क चौड़ीकरण की जद से हटाने का विवाद अब तनावपूर्ण स्थिति तक पहुंच गया है। शनिवार रात से बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के ग मस्जिद के अंदर और बाहर जुटे रहे। रविवार देर रात तक विरोध जारी रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस, RAF और STF की तैनाती बढ़ाई गई तथा संवेदनशील इलाकों में 600 से अधिक जवानों ने फ्लैग मार्च किया।


विवाद मस्जिद के उस हिस्से को लेकर है, जो प्रस्तावित सड़क की 15 मीटर चौड़ाई के दायरे में आ रहा है। नगर निगम का कहना है कि कंठाल से गोपाल मंदिर मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण सिंहस्थ के दौरान यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए जरूरी है। प्रशासन ने फिलहाल कार्रवाई रोककर बातचीत के जरिए सहमति बनाने की कोशिश की है।


मस्जिद के इमाम मोहम्मद इब्राहिम का दावा है कि यह मस्जिद वर्ष 1390 की है और करीब 636 वर्ष पुरानी है। मुस्लिम पक्ष धार्मिक स्थल को बचाते हुए सड़क चौड़ीकरण करने की मांग कर रहा है। दूसरी ओर, प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जा रही है।


मामले में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की एकलपीठ पहले ही नगर निगम की कार्रवाई को चुनौती देने वाली याचिकाएं खारिज कर चुकी है और सार्वजनिक सुरक्षा तथा सिंहस्थ की व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए चौड़ीकरण को उचित माना था। अब डिवीजन बेंच में चुनौती पर सुनवाई होनी है।


फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना है। हाईकोर्ट की सुनवाई के बाद आगे की कार्रवाई की दिशा स्पष्ट होने की संभावना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post