Top News

सत्य निकेतन हादसा: 6 मौतों के बाद जागी दिल्ली, सीएम रेखा गुप्ता ने दिए जांच के आदेश

 

नई दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में बहुमंजिला इमारत ढहने से मृतकों की संख्या छह पहुंच गई है। रातभर चले राहत और बचाव अभियान के दौरान मलबे से एक और शव निकाला गया। बचाव दलों ने अब तक कई लोगों को बाहर निकाला है और मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को देखते हुए अभियान जारी है। 



यह इमारत छात्रों के लिए पीजी आवास के रूप में इस्तेमाल हो रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। घटना ने राजधानी में पुराने भवनों, अवैध निर्माण और पीजी में रहने वाले छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही इमारत के मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार मालिक हरिराम और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सरकार ने साफ किया है कि जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसकी जवाबदेही तय की जाएगी। 


हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है—अगर इमारत में नियमों का उल्लंघन था और वहां बड़ी संख्या में छात्र रह रहे थे, तो जिम्मेदार विभागों की नजर इतने वर्षों तक क्यों नहीं पड़ी? अब जांच सिर्फ इमारत गिरने के कारण तक सीमित रहेगी या उन अधिकारियों और तंत्र की भूमिका भी तय होगी, जिन्होंने सुरक्षा नियमों की निगरानी करनी थी—यह देखना अहम होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post