Top News

थाईलैंड की तकनीक से जमीन के 20 मीटर नीचे उतरी इंदौर मेट्रो, ‘नर्मदा’ ने शुरू की पहली सुरंग की खुदाई

 

इंदौर। शहर की मेट्रो अब जमीन के ऊपर से नीचे उतर गई है। एयरपोर्ट के पास मंगलवार से पहली टनल बोरिंग मशीन ‘नर्मदा’ ने अंडरग्राउंड सुरंग की खुदाई शुरू कर दी। यह इंदौर के मेट्रो इतिहास में पहली मशीनीकृत भूमिगत खुदाई है। करीब 410 टन वजनी मशीन को पहले एयरपोर्ट स्टेशन के शाफ्ट में उतारकर तैयार किया गया था। अब यह लगभग 20 मीटर नीचे जाकर एयरपोर्ट से बड़ा गणपति की दिशा में सुरंग बनाएगी।



इस परियोजना की खासियत यह है कि सुरंग निर्माण में इस्तेमाल होने वाली TBM की तकनीक और मशीनों का निर्माण/फैक्टरी टेस्ट थाईलैंड में हुआ है। TERRATEC की EPB यानी Earth Pressure Balance तकनीक वाली मशीनें इंदौर के भूमिगत सेक्शन के लिए तैयार की गई हैं। मशीन का कटर हेड जमीन के भीतर मिट्टी और चट्टानों को काटेगा, जबकि खुदाई के साथ निकला मलबा कन्वेयर सिस्टम से बाहर आएगा। इसके बाद सुरंग की दीवारों पर प्रीकास्ट कंक्रीट सेगमेंट लगाए जाएंगे।


पहला अंडरग्राउंड हिस्सा एयरपोर्ट से बड़ा गणपति के बीच करीब 3.5 किलोमीटर का है। इस हिस्से में चार भूमिगत स्टेशन प्रस्तावित हैं। सुरंग का व्यास करीब 5.8 मीटर रहेगा। निर्माण क्षेत्र के आसपास मकानों में सेंसर लगाए गए हैं, ताकि खुदाई के दौरान होने वाले कंपन की निगरानी की जा सके।


इंदौर मेट्रो के भूमिगत पैकेज में कुल 11.32 किलोमीटर की ट्विन टनल और सात अंडरग्राउंड स्टेशन शामिल हैं। पहली मशीन के बाद अन्य TBM भी अलग-अलग हिस्सों में काम करेंगी। यानी अब इंदौर की मेट्रो परियोजना का अगला अध्याय जमीन के ऊपर नहीं, बल्कि शहर के नीचे आकार लेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post