भोपाल। राजधानी भोपाल के संत हिरदाराम नगर में सड़क की बदहाली अब धार्मिक आस्था के दरबार तक पहुंच गई है। पंजाब नेशनल बैंक रोड की हालत से परेशान रहवासियों ने गणेश उत्सव के दौरान गणपति बप्पा को ही ज्ञापन सौंपकर सड़क बनवाने की गुहार लगाई। लोगों का कहना है कि सड़क करीब 15 साल से बदहाल है और बार-बार शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ।
रहवासियों ने सड़क पर बने गड्ढों, उखड़ी सतह और बारिश के दौरान जमा होने वाले पानी को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं, लेकिन लंबे समय से मरम्मत और निर्माण की मांग पर जिम्मेदार विभागों की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
गणेश उत्सव के बीच लोगों ने अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। गणपति प्रतिमा के सामने ज्ञापन रखकर रहवासियों ने कहा कि जब अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंची शिकायतों का समाधान नहीं हो रहा, तो अब ‘बप्पा’ के दरबार में अर्जी लगानी पड़ रही है।
इस दौरान लोगों ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा—“गणपति बप्पा मोरया, नेता काम नहीं करिया।” उनका कहना है कि सड़क की हालत केवल परेशानी नहीं, बल्कि दुर्घटना का खतरा भी बढ़ा रही है। रहवासियों ने जिम्मेदार विभाग से जल्द सड़क का स्थायी निर्माण कराने की मांग की है।

Post a Comment