इंदौर। शहर के प्रसिद्ध बिजासन माता मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच बुनियादी सुविधाओं का संकट नजर आने लगा है। मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल और शौचालय की व्यवस्था नहीं होने से खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
त्योहारों और विशेष अवसरों पर मंदिर में भीड़ कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे समय में पार्किंग की व्यवस्था भी छोटी पड़ने लगी है। वाहन खड़े करने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं होने से सड़क किनारे और आसपास के हिस्सों में वाहन खड़े किए जाते हैं, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ अव्यवस्था की स्थिति बनती है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बैठने की व्यवस्था और व्यवस्थित पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा।
सवाल यह है कि जब मंदिर में लगातार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है तो भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर सुविधाओं का विस्तार कब किया जाएगा? प्रशासन और संबंधित संस्थाओं को भीड़ के दबाव को देखते हुए स्थायी पार्किंग, पर्याप्त पेयजल और स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था के लिए ठोस योजना बनानी होगी।

Post a Comment