Top News

फिरोजपुर में आप नेता गुरप्रीत सिंह गोपी की हत्या, बाइक का पीछा कर कार सवारों ने बरसाईं गोलियां

पंजाब के फिरोजपुर जिले के ममदोट में आम आदमी पार्टी के नेता गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात शनिवार देर शाम ममदोट के मुख्य बाजार में हुई। पुलिस के मुताबिक गुरप्रीत सिंह एक अन्य युवक हरप्रीत सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। इसी दौरान कार सवार हथियारबंद हमलावरों ने उनका पीछा किया और गोलीबारी शुरू कर दी। 



गोली लगने से गुरप्रीत सिंह की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद हरप्रीत सिंह घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में उन्हें लुधियाना रेफर किया गया। घटना के दौरान पीछे से आ रही एक अन्य गाड़ी पर भी हमलावरों द्वारा गोली चलाने की बात सामने आई है। 


पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिरोजपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भूपिंदर सिंह सिद्धू के अनुसार, वारदात के पीछे दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद सामने आया है। हालिया नगर पंचायत चुनाव से जुड़ा विवाद भी जांच का अहम कोण है। पुलिस के अनुसार संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है। 


घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। राजनीतिक विवाद से जुड़े इस हत्याकांड ने पंजाब में कानून-व्यवस्था और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह और हमलावरों की भूमिका की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post