भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह बैठक अमित शाह के आवास पर हुई। आधिकारिक तौर पर इसे मध्य प्रदेश की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से जुड़ी बैठक बताया गया है, लेकिन मुलाकात के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अमित शाह को प्रदेश में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। इसके साथ ही सहकारिता क्षेत्र में मध्य प्रदेश में किए जा रहे नवाचारों और अब तक की उपलब्धियों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त करने की बात कही।
हालांकि मुलाकात को लेकर कोई राजनीतिक एजेंडा आधिकारिक रूप से सामने नहीं आया है, लेकिन मध्य प्रदेश भाजपा में संगठन और सत्ता से जुड़े बदलावों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच इस बैठक ने अटकलों को हवा दे दी है। खास तौर पर यह तथ्य चर्चा में है कि मुख्यमंत्री सीधे केंद्रीय गृह मंत्री के आवास पहुंचे और दोनों के बीच अलग से बातचीत हुई।
फिलहाल सरकार की ओर से इसे विकास और योजनाओं की समीक्षा तक सीमित बताया गया है। ऐसे में सवाल यही है कि बैठक में केवल प्रदेश के विकास का रोडमैप बना या फिर मध्य प्रदेश की राजनीति से जुड़े कुछ अहम मुद्दों पर भी विचार हुआ। आने वाले दिनों में तस्वीर और साफ हो सकती है।

Post a Comment