रांची। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच सोमवार को सरकार और प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता का नया दौर होगा। आंदोलन 24वें दिन में पहुंच चुका है और इससे पहले सरकार तथा छात्रों के बीच छह दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।
सरकार ने छात्रों को सोमवार दोपहर 2 बजे मोरहाबादी स्थित राज्य अतिथि गृह में बातचीत के लिए बुलाया है। इस बार छात्रों को अपने कानूनी सलाहकारों के साथ वार्ता में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया है। छात्रों ने सरकार का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है, लेकिन स्पष्ट किया है कि वे अपनी प्रमुख मांगों से पीछे नहीं हटेंगे।
प्रदर्शनकारी जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द करने और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। छात्र नेताओं का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और भविष्य की परीक्षाओं में गड़बड़ी रोकने के लिए ठोस व्यवस्था जरूरी है।
इस बीच छात्रों ने सरकार को समयसीमा भी दी है। उनका कहना है कि यदि 18 अगस्त तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ, तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव किया जाएगा। ऐसे में आज की वार्ता आंदोलन को समाप्त कराने की दिशा में सरकार के लिए अहम अवसर मानी जा रही है।

Post a Comment