मॉस्को। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर आज मॉस्को में भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग के 27वें सत्र की सह-अध्यक्षता करेंगे। उनके साथ रूस के प्रथम उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित होगी।
जयशंकर 23-24 अगस्त की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रूस पहुंचे हैं। यह दौरा रूस के प्रथम उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव के निमंत्रण पर हो रहा है। आयोग की बैठक में दोनों देश द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों, व्यापार और निवेश के साथ विज्ञान एवं तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
यात्रा के दौरान जयशंकर रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम पर विचारों का आदान-प्रदान होने की संभावना है। भारत-रूस संबंधों में ऊर्जा, रक्षा, व्यापार, विज्ञान-तकनीक और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्र लंबे समय से महत्वपूर्ण रहे हैं।
जयशंकर का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब दोनों देश आने वाले उच्चस्तरीय संपर्कों की तैयारियों में जुटे हैं। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सितंबर में भारत यात्रा प्रस्तावित है और ऐसे में मॉस्को में होने वाली बातचीत को द्विपक्षीय संबंधों के अगले चरण की तैयारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Post a Comment